माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को करनाल के नेहरू मार्केट पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों से मुलाकात की। जीएसटी सुधारों के बारे में बात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने त्योहारों के मौके पर जीएसटी के सुधारात्मक स्लैब देकर लोगों को बड़ी सौगात दी है। ये दुकानदारों और ग्राहकों, दोनों के लिए लाभदायक है।
मधुबन पुलिस अकादमी में खेल प्रतियोगिता के समापन के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शाम 5:30 बजे करनाल के नेहरू मार्केट पहुंचे। दुकानदारों ने उनका फूल बरसाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने दुकानदारों से जीएसटी में छूट के बारे में बातचीत की। दुकानदारों ने बताया कि ग्राहक स्वयं आकर इस जीएसटी छूट की बात कर रहे हैं। जानकारी ले रहे हैं कि अब कौन सी वस्तु कितनी सस्ती हुई है। इस मौके पर करनाल के विधायक जगमोहन आनंद, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर समेत भाजपा नेता व व्यापारी मौजूद रहे।
बोले-पीएम ने जो कहा, वह किया
दुकानदारों से बातचीत के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मीडिया से भी मुखातिब हुए। प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। कहा कि प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त को लाल किले से त्योहारों के सीजन से पहले आम जनता, व्यापारियों, गरीबों और उद्योगपतियों को जीएसटी में बड़ी राहत देने की बात कही थी। इसे पूरा करते हुए एक महीने में ही जीएसटी परिषद की बैठक में जीएसटी सुधारो का निर्णय लिया गया। अब जीएसटी में 12 प्रतिशत और 28 प्रतिशत की दरों को खत्म कर दिया गया है। केवल दो ही स्लैब 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत हैं। इस बदलाव का सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से त्योहारों के दौरान लोगों के घरों में खुशी है आमजन को महंगाई से बड़ी राहत मिली है।
नमकीन की दुकान पर मीठी हंसी
नमकीन विक्रेता रमेश की दुकान पर दुकानदारों और मुख्यमंत्री के बीच चर्चा के दाैरान मीठी हंसी भी गूंजी। रमेश ने मुख्यमंत्री से जीएसटी कम होने से राजस्व बढ़ने की बात कही। बोले कि जीएसटी में कमी का सीधा फायदा ग्राहकों को मिलेगा। इस पर मुख्यमंत्री तपाक से बोले, भाजपा सरकार को तो ऐसे ही फायदा कराती है। इस पर सभी खिलखिला का हंस उठे।