माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। काछवा रोड पर गांव बीड़ माजरा के पास शनिवार की रात को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार तबस्सुम (32) को कुचल दिया। सिर के ऊपर से ट्रैक्टर का पहिया गुजरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वर्तमान में पानीपत में रह रही कोयर निवासी तबस्सुम 20 दिन पहले गुजरे अपने दादा शकील (65) के शोक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मायके गांव सग्गा जा रही थीं। रविवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपा गया।
पानीपत में ही रहने वाले चाचा रियाज उनको अपनी बाइक पर लेकर जा रहे थे। रियाज ने बताया कि शनिवार की रात को पानीपत से बाइक पर चले थे। बीड़ माजरा के पास पीछे से एक कार से बाइक को हल्की टक्कर लगी। बाइक का संतुलन बिगड़ गया। ऐसे में उनके पीछे बैठी तबस्सुम सिर के बल सड़क पर गिर गईं। पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली उनके ऊपर से गुजर गई। आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। तरावड़ी थाना के प्रभारी राजपाल ने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।
नौ साल पहले हुई थी शादी
चाचा रियाज ने बताया कि तबस्सुम की शादी नौ साल पहले कोयर गांव के रहने वाले परवेज अली के साथ हुई थी। परिवार काम के सिलसिले में पानीपत के राजनगर में रह रहा है। उनके दो बच्चे आठ वर्षीय सावेज और छह वर्षीय अलफेज हैं।