रात में भी गुलजार रही करनाल अनाज मंडी, 24 घंटे तक जारी रही गेहूं की आवक और उठान
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल।
रबी सीजन के चरम पर पहुंचते ही करनाल की अनाज मंडी में अब दिन ही नहीं, बल्कि रात के समय भी पूरी रफ्तार से कामकाज जारी है। किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन और मंडी प्रबंधन ने व्यवस्थाओं को 24 घंटे तक विस्तारित कर दिया है। वीरवार रात अमर उजाला की टीम ने अनाज मंडी का लाइव निरीक्षण किया, जिसमें देर रात तक गेहूं की आवक, तौल, झराई और उठान का काम सुचारू रूप से चलता हुआ मिला।
रात करीब 8 बजे से 9 बजे के बीच मंडी में 15 गेट पास जारी किए गए। इसके बाद रात 10:30 बजे भी एक और गेट पास काटा गया। मंडी परिसर में हर तरफ गतिविधि देखने को मिली—कहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली से गेहूं उतारा जा रहा था, तो कहीं फसल की सफाई (झराई) और तौल का काम जारी था। इसके साथ-साथ गेहूं के उठान (लिफ्टिंग) की प्रक्रिया भी निरंतर चलती रही।
मौके पर मौजूद मंडी सुपरवाइजर सतबीर ने बताया कि किसानों की बढ़ती आवक को देखते हुए मंडी को लगभग 24 घंटे तक संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रात 10 बजे के बाद दूसरी शिफ्ट में तीन कर्मचारियों की ड्यूटी विशेष रूप से गेट पास जारी करने के लिए लगाई गई है, ताकि देर रात आने वाले किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल गेट पास ही नहीं, बल्कि तौल, झराई और उठान जैसे सभी जरूरी कार्य भी लगातार किए जा रहे हैं, जिससे मंडी में गेहूं का ठहराव न हो और किसानों की उपज समय पर खरीदी जा सके।