अंबाला। अब अंबालावासी जल्द उड़ान भरेंगे। इसके लिए हरियाणा सरकार ने अंबाला एयरफोर्स स्टेशन के साथ सिविल एनक्लेव स्थापित करने के लिए राज्य सरकार की ओर से 133 करोड़ रुपये की राशि 20 एकड़ भूमि के हस्तातंरण के लिए अंबाला डिफेंस इस्टेट आफिसर के खाते में स्थानांतरित कर दी है। अंबाला से उड़ान स्कीम के तहत हवाई यात्रा शुरू हो सके इसके लिए गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज पिछले कई दिनों से प्रयासरत थे।
आखिरकार अब जब धनराशि मिल गई है तो जल्द ही जमीन की सेल डीड बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी। सेल डीड बनते ही सिविल एविएशन विभाग सिविल एन्कलेव के लिए निर्माण कार्य शुरू कर देगा। इसके लिए पहले से ही सिविल एविएशन विभाग ने अपनी तैयारियां कर ली हैं। टर्मिनल का नक्शा भी तैयार कर लिया गया है।
16 करोड़ की लागत से बनेगा टर्मिनल
गृहमंत्री अनिल विज ने बताया कि अंबाला से जल्द उड़ान सेवा प्रारंभ हो, इसके लिए वह कृतसंकल्प है और रक्षा मंत्रालय के अंबाला स्थित डिफेंस इस्टेट आफिसर को 133 करोड़ रुपए स्थानांतरित होने से अब आगामी प्रक्रिया को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही 16 करोड़ रुपए की लागत से अंबाला एयरफोर्स स्टेशन के ठीक साथ लगते सिविल एनक्लेव के लिए टर्मिनल का निर्माण भी होगा।
20 एकड़ भूमि हासिल करना रहा चुनौतीपूर्ण
गौरतलब है कि गृह मंत्री अनिल विज के प्रयासों से ही अम्बाला में एयरफोर्स स्टेशन के साथ सिविल एनक्लेव की स्थापना हो रही है। अंबाला में सिविल एनक्लेव के लिए एयरफोर्स स्टेशन के साथ 20 एकड़ जमीन की उपलब्धता हासिल करना चुनौतीपूर्ण कार्य था। मिलिट्री डेयरी फार्म की खाली जमीन को भारतीय विमानन प्राधिकरण व अन्य विभागों ने तकनीकी तौर पर उपयुक्त ठहराया था। यह भूमि रक्षा मंत्रालय के अधीन थी और सिविल एनक्लेव तभी बन सकता था जब जमीन राज्य सरकार को मिले। यह एक चुनौतीपूर्ण कार्य था और गृहमंत्री अनिल विज ने इस चुनौतीपूर्ण कार्य को पूर्ण करते हुए 20 एकड़ भूमि के लिए रक्षा मंत्रालय को 133 करोड़ रुपए की राशि जारी करवाकर इस कार्य को पूर्ण किया है।
एयरफोर्स स्टेशन का रनवे इस्तेमाल होगा
अंबाला में सिविल एनक्लेव के टर्मिनल का निर्माण एयरफोर्स स्टेशन के ठीक साथ मिलिट्री डेयरी फार्म की जमीन पर किया जाएगा। टर्मिनल पर यात्रियों को चेक-इन कर बस से एयरफोर्स स्टेशन के अंदर विमान तक ले जाया जाएगा। विमानों के टेक-आफ एवं लैंडिंग के लिए एयरफोर्स स्टेशन के रन-वे का ही इस्तेमाल होगा।उल्लेखनीय है कि अंबाला छावनी में बनने वाले एयरपोर्ट का नाम अंबा एयरपोर्ट अंबाला छावनी रखने का प्रस्ताव है। गृहमंत्री अनिल विज ने इस संबंध में गत दिनों मुख्यमंत्री मनोहर लाल को एक प्रस्ताव भेजा है।