संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल।
दो दिन से मरीजों की बढ़ती परेशानी के बीच सरकारी अस्पतालों के नियमित डॉक्टरों ने हड़ताल को जारी रखने का फैसला लिया है। बुधवार को भी डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे। मंगलवार को हरियाणा मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन जिला करनाल की ओर से बयान जारी किया गया कि जब तक एसीपी (एश्योर्ड कॅरिअर प्रोग्रेशन) बढ़ाने की मांग पूरी नहीं हो जाती तब तक हड़ताल के फैसले के साथ एकजुट हैं। मांग नहीं मानी तो हड़ताल को और बढ़ाएंगे।
हरियाणा मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन, करनाल के प्रधान डॉ. संजय वर्मा ने कहा कि सरकारी अस्पतालों के सभी चिकित्सक सामूहिक अवकाश पर हैं। जब तक हमारी मांग पूरी नहीं हो जाती है यह हड़ताल जारी रहेगी। सरकार को इस मांग को मान लेना चाहिए क्योंकि इसमें सभी सरकारी डॉक्टरों का हित है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन ने मंगलवार को निर्णय लिया कि उनकी एश्योर्ड कॅरिअर प्रोग्रेशन बढ़ाने की मांग जब तक मांग पूरी नहीं हो जाती है, हड़ताल को जारी रखेंगे।
डॉक्टरों ने 27 नवंबर को एसएमओ की सीधी भर्ती पर रोक और एसीपी बढ़ाने की मांग के लिए हड़ताल की थी। एसएमओ की सीधी भर्ती पर रोक के लिए सरकार मान गई। एसीपी की मांग पर फैसला नहीं किया गया था। डॉक्टरों की हड़ताल के बढ़ने से मरीजों की मुश्किलें और बढ़ने का अनुमान है। कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज पर अधिक मरीजों का भार पड़ रहा है।