संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जनवरी में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में जिले के दो खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। गोरिश मुक्केबाजी में राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुके और बलराज नौकायन में 2024 में पेरिस ओलंपिक व एशियन रोइंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक झटक चुके हैं। बलराज ने वियतनाम में 16 से 19 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में पुरुष की एकल एम1एक्स में 37 सेकंड में दो किलोमीटर का तालाब पार करके स्वर्ण पदक जीता था। टीम का नेतृत्व भी बलराज ने किया था।
बलराज ने पिछले वर्ष एशियन एंड ओशियानिक ओलंपिक क्वालिफिकेशन रेगाटा में कांस्य पदक जीता था और एशियन गेम्स 2023 में पदक से थोड़े अंतर से चूक गए थे। वहीं पेरिस 2024 ओलंपिक में उन्होंने पुरुष एकल स्कल्स में 23 वां स्थान हासिल किया था। वहीं खेलो इंडिया ऑल यूनिवर्सिटी में जिले के मुक्केबाज गोरिश ने स्वर्ण पदक जीता था। प्रतियोगिता का आयोजन 29 नवंबर से 5 दिसंबर तक राजस्थान में किया गया था।
गोरिश ने 60 से 63.5 भार वर्ग में लिया था हिस्सा
मुक्केबाज गोरिश ने 60 से 63.5 भार वर्ग में हिस्सा लिया था। फाइनल में उनका मुकाबला गुरु काशी युनिवर्सिटी के खिलाड़ी प्रदीप के साथ हुआ था। प्रदीप को हराकर गोरिश ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के खिलाड़ी आशुतोष के साथ था। उन्होंने बताया कि उनके प्रतिद्वंदी ने उनको कड़ी टक्कर दी, लेकिन निरंतर अभ्यास और अनुभव के साथ उन्होंने फाइनल में प्रवेश किया और स्वर्ण पदक जीता।