संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। त्योहारों के सीजन में सोने और चांदी की कीमतें ऊंची होने के बावजूद लोगों में खरीदारी का उत्साह बना हुआ है। करवाचौथ पर पति अपनी पत्नी को उपहार देने के लिए पायल, अंगूठी और ईयररिंग पसंद कर रहे हैं। वहीं, महिलाएं भी मंगलसूत्र, नेकलेस और डायमंड रिंग जैसे आभूषणों में रुचि दिखा रही हैं। बढ़ती कीमतों के बीच ग्राहक अपने बजट के अनुसार हल्के वजन के गहनों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
साथ ही धनतेरस और दीवाली के लिए भी आभूषणों की बुकिंग शुरू हो गई है। सर्राफा कारोबारी राज ज्वेलर्स के संचालक चिराग ने बताया कि सोने और चांदी के भाव ऊंचे होने के कारण ग्राहक हल्के वजन के गहने पसंद कर रहे हैं। इनमें अंगूठियां, नेकलेस और आकर्षक डिजाइन के अन्य आभूषण शामिल हैं। ग्राहक ऐसे गहनों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिन्हें त्योहारों के साथ सामान्य दिनों में भी पहना जा सके। अपनी पसंद के डिजाइन में हल्के वजन के गहने तैयार करवाने की सुविधा से भी ग्राहकों की रुचि बनी हुई है।
धनतेरस और दीवाली के लिए भी हो रही बुकिंग
राज ज्वेलर्स के संचालक चिराग ने बताया कि करवाचौथ के साथ धनतेरस और दीवाली को लेकर भी सर्राफा कारोबारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ग्राहक पहले से ही गहनों के डिजाइन, वजन और कीमत की जानकारी लेकर बुकिंग करवा रहे हैं। बजट के अनुसार नेकलेस, अंगूठियां और अन्य आभूषण तैयार करवाए जा रहे हैं।
-
हैदराबाद के बेगम बाजार से आ रहे एडी आभूषण
गहना व्यापारी संजीव के अनुसार, स्थानीय बाजार में अमेरिकन डायमंड (एडी) के आभूषण मुंबई, हैदराबाद के बेगम बाजार, बंगलूरू, दिल्ली और जयपुर के जौहरी बाजार से आते हैं। एडी आभूषण हीरे जैसे चमकदार दिखाई देते हैं। इनमें हार, चोकर, अंगूठियां और कानों के गहने ग्राहकों की पसंद बने हुए हैं।