कैथ्ाल के पाई कस्बे के राजकीय प्राथमिक पाठशाला मूंदड़ी में मिड-डे मिल के तहत मिलने वाले भोजन के लिए राशन उपलब्ध न होने से विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राशन न होने से अभिभावकों में गहरा रोष है। अभिभावकों ने बताया कि दोपहर का खाना उपलब्ध न होने से विद्यार्थी स्कूल से भूखे पेट घर लौटने को विवश हैं। अभिभावक राजेश, उदय सिंह, काला, राजिंद्र, संतरो, राजनी, महक, ओमपती ने बताया कि स्कूल में मिड-डे मिल का राशन न पहुंचने से उनकी बच्चों के दोपहर का खाना नहीं मिल रहा है।
समस्या को लेकर सरपंच रामपाल और पंचायत सदस्यों को साथ लेकर वीरवार को अभिभावकों ने स्कूल का दौरा कर मिड-डे मिल संबंधी खामियों का जायजा लिया गया। इस पर मुख्य शिक्षक रवि ने बताया कि स्कूल में 9 सितंबर से मिड-डे मिल का राशन नहीं पहुंच रहा है जिसे लेकर पूरा स्टाफ परेशानियों से घिरा हुआ है। उन्होंने बताया कि राशन खत्म होने पर करीब एक माह तक तो अध्यापकों ने अपना पैसा लगाकर किसी तरह से राशन का प्रबंध करवाया गया व भोजन तैयार करवाकर बच्चों को परोसा। मगर राशन में निरंतर विलंब होने से अब अध्यापकों का सामर्थ्य भी जवाब दे गया है। स्कूल में बच्चों को मिड-डे मिल के नाम कुछ भी उपलब्ध नहीं हो रहा है। मुख्य शिक्षक ने बताया कि वे स्कूल में पिछले करीब ढाई महीने से राशन न पहुंचने के बारे में खंड एवं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भी सूचित कर चुके हैं मगर अब भी मिड-डे मिल का राशन न पहुंचने की समस्या ज्यों की त्यों बरकरार है।
ऐसी कोई समस्या उनकी जानकारी में नहीं है। वे कल ही इस संबंध में जानकारी लेकर समस्या का समाधान करवाएंगे।
सतीश राणा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी