- गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियां जोरों पर, पुलिस लाइन में हुआ पहला पूर्वाभ्यास
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विभिन्न प्रदेशों के प्रमुख त्योहार और राम मंदिर की झलक दिखाई देगी। पुलिस लाइन में समारोह को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। शनिवार को पहला पूर्वाभ्यास किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दी और अनेकता में एकता की झलक दिखी। इस दौरान परेड में जवानों ने भी कदमताल किया।
विदित हो कि गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह पहली बार पुलिस लाइन के मैदान में मनाया जा रहा है। इस समारोह को भव्य मनाने के लिए प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। इसी के दृष्टिगत शनिवार को स्कूली बच्चों ने सामूहिक मास पीटी शो व सांस्कृतिक कार्यक्रम और परेड में शामिल होने वाली प्लाटूनों ने पूर्वाभ्यास किया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं करनाल के एसडीएम अनुभव मेहता ने कार्यक्रम में भाग लेने वाली सभी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी राजपाल चौधरी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुदेश कुमारी, शिक्षक रामनिवास सोलंकी मौजूद रहे।
राजकीय स्कूलों की छात्राएं बिखेरेंगी हरियाणवी छटा
पहले पूर्वाभ्यास में सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए विभिन्न स्कूलों की टीमों ने भाग लिया। निजी स्कूलों की टीमें जहां अलग-अलग विषय पर आधारित प्रस्तुतियां देंगी। वहीं राजकीय स्कूलों की छात्राएं हरियाणवी नृत्य करते हुए हरियाणवी छटा बिखेरेंगी। सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए फिलहाल डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल करनाल, पार्थ पब्लिक स्कूल घरौंडा, दून पब्लिक स्कूल, डीपीएस पब्लिक स्कूल, दयाल सिंह पब्लिक स्कूल, एमडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्टौंडी, ओपीएस विद्या मंदिर सेक्टर-13 और जिम्नास्टिक वर्ल्ड अकादमी की टीमों ने पूर्वाभ्यास किया है।
23 जनवरी को टीमों का चयन
एसडीएम ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह की द्वितीय पूर्वाभ्यास उक्त कार्यक्रम स्थल पर ही 23 जनवरी को होगा। जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों की टीमों का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अंतिम पूर्वाभ्यास 24 जनवरी को होगा। जिसका निरीक्षण उपायुक्त अनीश यादव व पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन करेंगे।
सात टुकड़ियां करेंगी कदमताल
परेड में इस बार सात टुकड़ियों को शामिल किया गया है। एसडीएम ने बताया कि समारोह की परेड में शामिल होने वाली सभी टुकड़ियों के जवान निरंतर पूर्वाभ्यास कर रहे हैं, जिनमें हरियाणा पुलिस की महिला एवं पुरुष की प्लाटून, होम गार्ड, एनसीसी आर्मी विंग की महिला एवं पुरुष, एनसीसी एयर विंग की महिला एवं पुरुष की टुकड़ी शामिल है।