माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। हरियाणा पंजाब के बीच अंबाला में बह रही घग्गर नदी सुबह के समय 11.5 फीट (17720 क्यूसेक) पर बहती दिखी, इसके बाद धीमे-धीमे नदी का जलस्तर कम होने लगा। शाम तक 8 फीट (13000 क्यूसेक) तक जलस्तर पहुंच गया था। इतना पानी आने से घग्गर नदी के समीप गिर रही अंबाला ड्रेन के जलस्तर की ऊंचाई घग्गर के बराबर ही पहुंच गया।
ऐसे में घग्गर नदी का पानी ड्रेन के रास्ते से सिटी देवी नगर की तरफ वापस लौटने लगा, जिससे नदी के आसपास की खाली जमीन और खेत जलमग्न हो गए। इससे आसपास बसे लोगों की परेशानी बढ़ गई और उनकी पूरी रात चिंता में कटी। हालांकि खेतों में अधिक पानी नहीं पहुंचा। जो पानी पहुंचा वह ड्रेन के ओवरफ्लो होने से खेतों की ओर चला गया। इसके बाद शाम को नदी का जलस्तर 8 फीट तक पहुंच गया।
जबकि इसका खतरे का स्तर 12 फीट है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। इसके साथ ही छावनी में टांगरी नदी भी शांत रही। यहां 6 फीट (10560 क्यूसेक)जलस्तर दर्ज किया गया।
एसटीपी में भी जलभराव : अंबाला ड्रेन के ओवरफ्ला होने से अमृतसर अंबाला राजमार्ग पर बने पब्लिक हेल्थ विभाग का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के परिसर में भी पानी भर गया।
हालात ऐसे रहे कि नदी का जलस्तर बढ़ा तो मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। ऐसे में विभागीय अधिकारी मशीनों की मदद से ड्रेन से कचरा आदि हटाने का काम करते भी दिखे। हालांकि अब घग्गर नदी का जलस्तर कम हुआ है जिससे बचाव है।
पंजाब से आ रही सूचनाएं अंबाला में डरा रहीं : पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों और पहाड़ों पर हो रही बारिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अंबाला पंजाब के बॉर्डर पर पड़ता है। यहां से घग्गर नदी हरियाणा और पंजाब दोनों को जोड़ती है।