माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। एलपीजी की किल्लत से लोगों को बचाने के लिए नगर निगम ने एक्शन प्लान तैयार किया है। इसके तहत वार्ड स्तर पर विशेष सर्वे अभियान चलाकर संभावित पीएनजी और एलपीजी उपभोक्ताओं की पहचान की जाएगी। अधिकारी लोगों से एलपीजी कनेक्शन छोड़कर पीएनजी कनेक्शन रखने की अपील करेंगे। बुधवार को नगर निगम, जिला प्रशासन और आईजीएल प्रतिनिधियों की नगर निगम कार्यालय में हुई बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया।
नगर निगम की आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि बैठक में हर पहलू पर विचार-विमर्श के बाद फैसला लिया गया कि एलपीजी की किल्लत का स्थायी समाधान पीएनजी है। शहर में करीब 10 हजार घरों में एलपीजी एवं पीएनजी के दोनों कनेक्शन हैं। अब निगम इन लोगों से अपील करेगा कि वे स्वयं एलपीजी कनेक्शन हटवाकर केवल पीएनजी कनेक्शन रखें। इसके अलावा शहर में करीब 8 हजार घरों के पास एलपीजी गैस की पहुंच है। नगर निगम इन लोगों को पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए जागरूक करेगा। इस बैठक की अध्यक्षता महापौर रेणु बाला गुप्ता ने की।
बैठक में एसडीएम प्रदीप कुमार, अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, नगर निगम के पार्षद, आईजीएल से एजीएम अशीष कुमार उपस्थित रहे।
सड़कों की मरम्मत कराई जाए
मेयर ने आईजीएल के एजीएम को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाई गई हैं और कनेक्शन दिए गए हैं, उन सभी जगहों की सड़क की मरम्मत की जाए। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के अधिकारियों ने बैठक में कनेक्शन के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई।
हमारा उद्देश्य केवल समस्या का तात्कालिक समाधान नहीं बल्कि एक स्थायी व्यवस्था विकसित करना है। पीएनजी कनेक्शन को बढ़ावा देकर हम न केवल गैस आपूर्ति को सुगम बना सकते हैं। एक सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल और आधुनिक सुविधा भी नागरिकों को प्रदान कर सकते हैं। - रेणु बाला गुप्ता, मेयर