करनाल। करीब 10 दिन बाद भी एलपीजी की किल्लत कम नहीं हुई है। सभी उपभोक्ताओं को एजेंसियों से सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। स्टॉक न होने पर कुछ एजेंसियों के गेट बंद हैं तो कहीं पुलिस की मौजूदगी में पर्चियां काटी जा रही हैं। पुलिस की मौजूदगी में सिलिंडर का वितरण किया जा रहा है। करनाल की भगवाडिया गैस एजेंसी के संचालकों ने भी बेकाबू हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस की मदद मांगी है।
मंगलवार को दोपहर तक भगवाडिया सहित कई गैस एजेंसियों पर लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पाया। यहां पर शनिवार और रविवार को सिलिंडर वितरण के बाद से स्टॉक खत्म है। सोमवार को कैश जमा न होने के कारण गाड़ी नहीं आई थी। ऐसे ही हालात मंगलवार को भी बने रहे। लोग सुबह ही बुकिंग कराने और सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी व गौदाम पर पहुंचना शुरू हो गए थे।
सर्वर चलते ही बढ़ने लगी ऑनलाइन बुकिंग
पिछले कई दिनों से लोड बढ़ने के बाद घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग के पोर्टल भी जवाब देने लगा था। ऑनलाइन व कॉल पर बुकिंग न होने से लोगों को परेशानी होने लगी थी, वहीं अब पोर्टल चलने के बाद से लोगों की यह दिक्कत दूर हुई है। सोमवार दोपहर बाद से लोग आसानी से सिलिंडर बुक करवा पा रहे हैं।
-