संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कस्बा निगदू स्थित इंडेन ग्रामीण गैस एजेंसी में काम करने वाले डिलीवरी बॉय रोहित पर मालिक ने 13 गैस सिलिंडर हड़पने और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। एजेंसी मीणा चौहान के नाम से है। मीणा भाजपा से जुड़ी हुई हैं। रायसन निवासी लक्ष्मी चंद चाैहान की शिकायत पर निगदू थाना पुलिस ने धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लक्ष्मी चंद चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी मीणा चौहान के नाम से निगदू में इंडेन ग्रामीण गैस एजेंसी है। बीर बडालवा गांव निवासी रोहित पिछले करीब चार महीने से एजेंसी में होम डिलीवरी का काम कर रहा था। उसका मासिक वेतन 10 हजार रुपये तय था। बीती 6 मार्च को वेतन लेने के बाद 7 मार्च से वह काम पर नहीं आया। उन्होंने जब रोहित को फोन किया गया तो उसने साफ कहा कि अब वह एजेंसी में प्राइवेट नौकरी नहीं करना चाहता। इसके बाद उसे गैस डिलीवरी गाड़ी का चार्ज और सिलेंडरों का पूरा ब्यौरा देने के लिए कहा गया।
शिकायत के अनुसार, 17 मार्च को रोहित ने एजेंसी का चार्ज देने और हिसाब किताब के लिए दो दिन का समय मांगा था। एजेंसी मालिक ने उसे समय दे दिया, लेकिन इसके बाद भी आरोपी न तो एजेंसी पहुंचा और न ही गाड़ी व सिलिंडरों का हिसाब दिया। लक्ष्मी चंद चौहान ने आरोप लगाया कि रोहित ने एजेंसी के कुल 13 गैस सिलिंडरों का घोटाला किया है। रोहित अन्य लोगों के साथ मिलकर गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी कर रहा है।
थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धेखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
डीएसी कोड लेकर उपभोक्ताओं को नहीं दिए सिलिंडर
शिकायत में आरोप है कि डिलीवरी बाॅय ने ग्राहकों से उनके मोबाइल फोन पर आए डिलीवरी कोड ले लिए लेकिन उन्हें गैस सिलिंडर नहीं दिए। ग्राहकों ने एजेंसी में चेक करवाया तो पता लगा कि उनका सिलिंडर तो हाल ही में भरा हुआ है। इससे एजेंसी व ग्राहकों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा एजेंसी संचालक का आरोप है कि आरोपी रोहित पिछले दो महीने से एजेंसी की ओर से दी गई मोबाइल सिम का इस्तेमाल नहीं कर रहा था। वह अपने निजी मोबाइल नंबर से काम कर रहा था, जिससे उसकी गतिविधियों पर नजर रखना मुश्किल हो गया।