संवाद न्यजू एजेंसी
घरौंडा। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने बुधवार को घरौंडा हलके के गांव गढ़ी भरल में 65 लाख रुपये से बनने वाले सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास और 31 लाख की लागत से बनी ऐसी चौपाल का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि गढ़ी भरल की कुछ लंबित मांगों को मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा गया है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि निर्माण कार्यों पर निगरानी रखें। सरकार के एक-एक पैसे का सदुपयोग होना चाहिए। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। गांव में पहुंचने पर सरपंच कृष्ण लाल ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया।
इससे पहले कल्याण ने बरसत-गढ़ी भरल सडक पर बने खस्ताहाल पुल का पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। कल्याण ने बताया कि यहां नया पुल मंजूर कराया था। 15 करोड़ का टेंडर भी हो चुका था लेकिन पुल के नीचे की जमीन मलकियत की होने के कारण विभाग निर्माण नहीं करा सका। हालांकि जमीन मालिकों से संपर्क भी किया गया। इस मौके पर एसडीएम राजेश सोनी, घरौंडा पालिका चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता, पंचायती राज विभाग के एक्सईएन नारायण दत्त, ग्राम सचिव अनिल, ब्लॉक समिति सदस्य जयकुमार शर्मा सरपंच कृष्ण लाल आदि मौजूद रहे।