चार चमन स्थित एक दवाई की दुकान में 20 अगस्त को चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चार नाबालिग कूड़ा बीनने वाले बच्चे निकले। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इस घटना का खुलासा किया। आरोप है कि इन नाबालिग चोरों ने 3.50 लाख रुपये के सामान की चोरी की थी।
सिटी थाना प्रभारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि 20 अगस्त को चार चमन स्थित एक दवाई की दुकान से चोर मशीन के कलपुर्जे चोरी करके ले गए थे। दुकान के मालिक हिमांशु खुराना की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया था। इसके बाद 22 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर बासो गेट करनाल से सेंधमारी करने वाले चार नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी कूड़ा बीनने का काम करते हैं। आरोपियों से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।