करनाल। राष्ट्रीय राजमार्ग 709ए स्थित लाड़ो धाम के पास शुक्रवार रात 11 बजे आग लग जाने से धान से भरा ट्राॅला जलकर राख हो गया। ट्राॅला चालक राजस्थान के कोटपुतली के भानसुर तहसील के रामनगर निवासी अजीत ने कूदकर जान बचाई। दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
ट्राॅला चालक अजीत सिंह ने बताया कि वह मध्यप्रदेश के श्योपुर से धान लोड करके तरावड़ी जा रहा था। वह 152 डी से करनाल की ओर आने के लिए इस रूट से आया था। रात को करीब 11 बजे वह ट्राॅला लेकर लाड़ो धाम के पास पहुंचा तो पीछे की ट्राॅली की पिन निकल गई। ट्राॅली अनियंत्रित होकर डीजल के टैंक और बैटरी पर गिर गई। इस कारण से कैबिन में आग लग गई। उन्होंने कूदकर जान बचाई। ट्राॅला में भरा हुआ धान जलकर राख हो गया। सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि ट्राॅला का कैबिन जल गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।