मुलाना। डुलियानी गांव के रहने वाले युवक को विदेश में अच्छे वेतन की बातों में उलझाकर आरोपियों ने 10 लाख 60 हजार रुपये हड़प लिए। युवक को नकली वीजा और टिकट थमा दी। इससे युवक को एयरपोर्ट से ही वापस आना पड़ा।
युवक ने जब अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने एसपी अंबाला को शिकायत सौंपी। मुकेश कुमार निवासी डुलियानी ने बताया कि आरोपी उसके गांव के ही रहने वाले हैं, जिन्हें वह अच्छी तरीके से जानता है। आरोपी मोहन उसका दोस्त है। पिछले वर्ष अगस्त-सितंबर के महीने में मोहन लाल और उसकी पत्नी रजनी ने मुकेश को अपने हालिया निवास स्थान दोसड़का में बुलाया। यहां मोहन लाल, उसकी पत्नी रजनी, सतीश की पत्नी रिंपी मौजूद थे।
उन्होंने मुकेश से कहा कि मोहन का वीजा लग गया है वो अक्टूबर में जर्मनी जा रहा है। उसके जाने के बाद वह सब मिलकर उसका भी वीजा लगवा देंगे। विदेश जाकर उसे अच्छी सैलरी मिलेगी और वह अच्छा पैसा कमाएगा। जर्मनी जाने का 16 लाख रुपये खर्चा बताया गया। इसके बाद अक्टूबर में मोहन जर्मनी चला गया। उसके जाने के कुछ दिन बाद रजनी, सतीश व रिंपी ने मुकेश को फिर मोहन लाल के घर बुलाया और जर्मनी का वीजा लगवाने की वही बातें दोहराई। इसको लेकर मोहन का भी फोन आया और उसने वीजा लगवाने की जिम्मेदारी दी।
वीजा के लिए 10 लाख रुपये पहले और छह लाख वीजा लगने के बाद की बात हुई । अलग-अलग माध्यमों से आरोपी को 10 रुपये भेजे गए। इसके बाद उसने एक वीजा दिया। मुकेश के अनुसार वह और रोशन निवासी डुलियाना, दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। जहां उसने अपना वीजा और टिकट दिखाई लेकिन एयरपोर्ट पर तैनात अधिकारी ने ने वीजा और टिकट को नकली बताते हुए मुकेश को अंदर नहीं जाने दिया। शिकायत के अनुसार वहां से जब आरोपियों को फोन किया गया तो आरोपियों ने अपने फोन बंद कर लिए। इसके बाद मुकेश वापिस आ गया और आरोपियों संपर्क साधा तो उन्होंने कुछ दिन बाद विदेश भेजने की बात कही। लेकिन उन्होंने मुकेश को कहीं नहीं भेजा। जब मुकेश ने आरोपियों से पैसे वापिस मांगे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देने लगे।