हैफेड से दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक राइस मिल मालिक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ दिसंबर 2010 में हैफेड ने 7100 क्विंटल चावल गबन का मामला दर्ज कराया था।
इस राइस की कुल कीमत दो करोड़ चार लाख रुपये आंकी गई थी। हैफेड के प्रबंधक ने इस राइस मिल के खिलाफ थाना सदर पिपली में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था।
वीरवार को तीन साल बाद पुलिस ने राइस मिलकर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 31 दिसंबर 2010 को हैफेड के तत्कालीन प्रबंधक अनिल कुमार ने गांव चनारथ वासी सैनी राइस मिल के मालिक ज्ञानचंद पुत्र भगवान दास ने 7100 क्विंटल चावल न देकर सरकारी एजेंसी के साथ दो करोड़ चार लाख रुपये की धोखाधड़ी की है।
पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया था और इस मामले की जांच अपराध शाखा नंबर-एक को सौंपी गई थी। अपराध शाखा के प्रभारी सुरेंद्र कुमार, उप निरीक्षक जगदीश चंद, सहायक उप निरीक्षक सुभाष चंद्र, विरेंद्र कुमार एवं पवन कुमार की पुलिस टीम ने कोर्ट कांप्लेक्स कुरुक्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। अपराध शाखा के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ज्ञान चंद ने अपना अपराध स्वीकार किया।
अवैध पिस्टल सहित एक गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस ने पिपली से एक व्यक्ति को अवैध देशी पिस्टल 315 बोर सहित गिरफ्तार किया है। यह जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने दी।
उन्होंने बताया कि अपराध शाखा ने पिपली चौक से स्थानीय गुरुनानक पुरा मुहल्ला वासी प्रेम चंद को अवैध पिस्टल रखने के आरोप में गिरफ्तार किया।