औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिला प्रक्रिया के पहले तीन चरणों के बाद अब चौथा और अंतिम चरण भी शुरू हो चुका है। इसके तहत 22 सितंबर को चौथी मेरिट सूची जारी की गई। सूची जारी होते ही विद्यार्थी फीस जमा करने लगेंगे। आईटीआई में दाखिला लेने का यह संभवत: अंतिम चरण होगा। इसलिए विद्यार्थियों को चाहिए कि वे चौथे चरण की दाखिला प्रक्रिया में भाग लेकर आईटीआई में अपना दाखिला सुनिश्चित करें।
जीटी रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में अभी भी कुल 811 सीटों पर दाखिले किए जाने हैं। पहले तीन चरणों के दौरान यहां 519 सीटों पर दाखिले हुए। वहीं, जिले की सभी आईटीआई की सीटों की बात करें तो अभी तक 49 प्रतिशत सीटों पर ही दाखिले हुए हैं। 51 प्रतिशत सीटों पर इसी चरण में दाखिले होने हैं। अब तक दाखिले से वंचित विद्यार्थियों को चौथे चरण का इंतजार था। आईटीआई के अनुदेशक मुकेश भारद्वाज ने बताया कि आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया चल रही है। विद्यार्थी यहां आकर आवेदन कर सकते हैं।
तीसरे चरण में विद्यार्थियों ने कम दिखाया रुझान
शुरुआती दो चरणों में विद्यार्थियों ने हालांकि आईटीआई में दाखिला लेने के लिए बेहतर रुझान दिखाया था, लेकिन तीसरे चरण में दाखिला प्रक्रिया कुछ ढीली पड़ गई। 13 सितंबर को तीसरी सूची जारी होने के बाद 17 सितंबर तक कुल पांच दिन दाखिला प्रक्रिया चली, जिनमें विद्यार्थियों का रुझान कम रहा। दाखिले से वंचित विद्यार्थियों को अब चौथे चरण की दाखिला प्रक्रिया का इंतजार है। विभाग की ओर से विद्यार्थियों को फीस जमा करवाने के ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही विकल्प दिए गए हैं।
यह रहेगा दाखिला प्रक्रिया का आगामी शेड्यूल
चौथा चरण-
- 22 सितंबर को चौथी मेरिट लिस्ट जारी
- 24 सितंबर तक फिजिकल वेरिफिकेशन
- 22 से 26 सितंबर तक फीस जमा होगी।
...
वर्जन-
आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया के पहले तीन चरण पूरे हो चुके हैं। तीनों चरणों में 500 से अधिक सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। 22 सितंबर को चौथी मेरिट सूची जारी की गई। विद्यार्थियों को चाहिए कि चौथे और अंतिम चरण में दाखिला लेना सुनिश्चित करें। इसके बाद दाखिला प्रक्रिया बंद हो जाएगी।
- धर्मेंद्र सिंह, प्राचार्य, राजकीय आईटीआई करनाल