कोहरे के चलते ट्रेनों का बिगड़ा शेड्यूल सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। आलम यह रहा की मंगलवार को चार ट्रेनें रद्द कर दी गई। वहीं, कई ट्रेने घंटों देरी से स्टेशन पर पहुंची। इससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। कड़ाके की ठंड स्टेशनों पर घंटों का इंतजार यात्रियों पर भारी पड़ा।
वहीं कोहरे का असर सड़क यातयात पर भी दिखाई दिया। जिला डिपो से लंबे रूटों पर चलने वाली बसें भी घंटों की देरी से डिपो पहुंची तथा सड़कों पर दिन में भी वाहन हेडलाइट जलाकर रेंगते नजर आए। कोहरे के चलते सूर्य देव के दर्शन होने की वजह से लोगों को दिन में भी सर्दी से राहत नहीं मिली। वहीं, मौसम विभाग की मानें मंगलवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विभाग का कहना है कि सर्दी का सिलसिला अगले सप्ताह तक जारी रहने का अनुमान है।
कोहरे के चलते धीमी हुई ट्रेनों की रफ्तार से ट्रेनों का शेड्यूल बिगड़ गया है। ट्रेनों के लेट होने का सिलसिला घंटों से बढ़कर अब दिनों तक पहुंच गया है। रेवले को ट्रेनों के शेड्यूल में सुधार लाने के लिए ट्रेनों का एक दिन रद्द कर फिर से निर्धारित समय पर चलाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी सिलसिले में आए दिन एक दो ट्रेन रद्द हो रही हैं। इससे एडवांस बुकिंग करवाने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
वहीं पैसेंजर ट्रेनों के लेट होने की वजह से डेली सफर करवाने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस बारे में स्टेशन अधीक्षक विरेंद्र ने बताया कि कोहरे की वजह से ट्रेन लेट हो रही हैं। मंगलवार को अंबाला से दिल्ली की ओर जाने वाली डाउन साइड की चार ट्रेनें एक दिन के लिए रद्द की गई हैं।
डाउन साइड की चार ट्रेनें रद्द
1. मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस
2. पठानकोट एक्सप्रेस
3.पश्चिम एक्सप्रेस
4. अमृतसर से न्यू दिल्ली एक्सप्रेस
ये ट्रेनें रही सबसे लेट
ट्रेन का नाम : देरी से पहुंची
1. पूजा एक्सप्रेस : 5: 56 घंटे
2. कालका मेल: 2:38 घंटे
3. जम्मुतवी : 3: 48 घंटे
4. सचखंड एक्सप्रेस : 5: 26 घंटे
5.फजिल्का दिल्ली एक्सप्रेस: 3: 15 घंटे
6.शान-ए-पंजाब 4:26 घंटे
7. मुंबई अमृतसर एक्सप्रेस: 4:15 घंटे
8. उंचाहार एक्सप्रेस: 3:32 घंटे
9. सरयु यमुना एक्सप्रेस: 2: 48 घंटे
10. दादर एक्सप्रेस: 4:36 घंटे
13.2 डिग्री तापमान के साथ रहा सबसे सीजन का सबसे ठंडा दिन
पिछले कई दिनों से आसमान में बादलों व कोहरे की वजह से लोगों को सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो रहे हैं। इससे शहर के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर का जारी है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान में 13.2 डिग्री दर्ज किया गया है। जो अब तक इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा है, लेकिन रात का तापमान 8.8 डिग्री तक रहने से लोगों को कुछ हद तक राहत मिली। उधर, मौसम विभाग के प्रवक्ता श्याम सिंह ने बताया कि पूरे सप्ताह सर्दी का सिलसिला जारी रहेगा। कोहरे की वजह से शहर के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में और अधिक गिरावट आने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।