करनाल को अब टेनिस हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां चार नए सिंथेटिक टेनिस कोर्ट स्थापित किए जाएंगे, जिनमें से दो सरकार की ओर से बनाए जाएंगे और दो प्रताप पब्लिक स्कूल बनाएगा।
शनिवार को जिला टेनिस एसोसिएशन की बैठक में संघ के जिला अध्यक्ष ने यह जानकारी दी। एसोसिएशन के नए प्रधान एसपी अभिषेक गर्ग को स्वागत किया गया।
एसपी कार्यालय में हुई बैठक में वर्ष 2014 के खेल कैलेंडर पर विचार किया गया। एसोसिएशन की गतिविधियों की सराहना करते हुए एसपी गर्ग ने कहा कि शहर को टेनिस में एक हब के रूप में सामने लाया जाएगा, जिसके लिए सरकार की ओर से दो सिंथेटिक टेनिस कोर्ट बनाने के लिए 25 लाख रुपये मंजूर हो चुके हैं। जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा। मई में एक प्रदेश स्तरीय टेनिस प्रतियोगिता अंडर-12 से 14 वर्ग में करवाई जाएगी।
वरिष्ठ उपप्रधान व एसपी जेल शेरसिंह ने करनाल में राष्ट्रीय स्तरीय टूर्नामेंट करवाने का सुझाव दिया। संघ के कोषाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि दो सिंथेटिक कोर्ट प्रताप पब्लिक स्कूल सेक्टर छह में इसी वर्ष बनाए जाएंगे। बैठक में एमडी शूगर मिल व संघ के उपप्रधान आरके सिंह ने टेनिस के बुनियादी ढांचा मजबूत करने पर बल दिया और उपप्रधान कुलजिन्द्र मोहन सिंह बाठ के साथ दून इंटरनेशनल स्कूल में तीन सिंथेटिक कोर्ट बनाने के लिए स्कूल का दौरा किया। वहीं, इस मौके पर सचिव ने जेसी बब्बर ने गत कार्यों का लेखाजोखा प्रस्तुत किया। संघ के नए सदस्यों कर्नल मनबीर सिंह, कैलाश गुप्ता व एसपी चौहान का स्वागत किया।