माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नगर निगम के वार्ड-6 के अंतर्गत आने वाले गांव दाहा जागीर में बनने वाले सामुदायिक केंद्र के शिलान्यास में वार्ड पार्षद अंकित तितोरिया को न्यौता नहीं मिला। इससे शहर की सरकार से पार्षद की तल्खी नजर आई। केंद्र का शिलान्यास विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण और मेयर रेणु बाला गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में दोनों जनप्रतिनिधियों के साथ पूर्व पार्षद समेत कई लोग मौजूद रहे। हालांकि पार्षद स्वयं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और भाग लेकर लौट आए।
अपने ही वार्ड में विकास के शिलान्यास पर न्यौता न मिलने से नाराज पार्षद अंकित ने कहा कि इस बात को वे सदन में मेयर के सामने रखेंगे। उन्होंने कहा कि पहले भी उनके वार्ड में विकास कार्याें को लेकर उनके साथ भेदभाव करने की कोशिश की गई है। इस पर मेयर रेणु बाला ने कहा कि कार्यक्रम में पार्षद अंकित आए थे, उनको बुलाने की जिम्मेदारी निगम अधिकारियों को दी गई है। हो सकता है किसी अधिकारी ने उनको न बताया हो। पार्षद ने हमारे सामने ऐसी कोई नाराजगी की बात भी जाहिर नहीं की। अगर कोई ऐसी बात थी तो उन्हें बताना चाहिए था। बता दें कि वार्ड-6 क गांव दाहा जागीर में नगर निगम की ओर से 1.66 करोड़ रुपये से सामुदायिक केंद्र का निर्माण कराया जाएगा, जिसका निर्माण आठ माह में पूरा होगा।
- शामलात जमीन की चारदीवारी बनाने के निर्देश
शिलान्यास करने पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने अधिकारियों को शामलात जमीन की चारदीवारी और खेल के मैदान की योजना तैयार करने, सड़क को इंटरलॉकिंग की बनाने के निर्देश दिए। कुछ लोगों की पेंशन कटने की शिकायत पर उन्होंने कहा कि जांच करवा कर उचित कार्यवाही की जाएगी। किसी भी पात्र की पेंशन नहीं कटने दी जाएगी।
- मेयर ने लोगों से की निगरानी रखने की अपील
मेयर रेणु बाला गुप्ता ने लोगों से निर्माण कार्यों पर निगरानी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कहीं भी कोई अनियमितता नजर आए तो उनके संज्ञान में लाएं, उचित कार्रवाई की जाएगी। मेयर ने कहा कि सामुदायिक केंद्र से संबंधित पूरा ब्यौरा एक बोर्ड पर भी प्रदर्शित होगा। उन्होंने गांव के सरकारी भवनों की उचित देखभाल का अनुरोध किया।