स्वास्थ्य और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने इंद्री विधानसभा से
इनेलो के पूर्व विधायक डा. अशोक कश्यप के क्लीनिक पर छापा मारते हुए उन्हें
लिंग जांच करते हुए दबोच लिया।
टीम ने डाक्टर के कब्जे से पांच हजार रुपये
की नकदी भी बरामद की है, जबकि कंपाउंडर आठ हजार रुपये लेकर फरार हो गया।
सुबह से शाम तक चली जांच में टीम ने अस्पताल से गर्भपात की दवाइयां भी
बरामद की हैं। टीम ने दवाइयों की दुकान व अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर
दिया।
पुलिस ने आरोपी डॉ. अशोक कश्यप, सहयोगी पूजा, सुखबीर के खिलाफ पीसी
पीएनडीटी एक्ट समेत धोखाधड़ी व साजिश रचने का केस दर्ज करके उनके गिरफ्तार
कर लिया है। केमिस्ट वरुण के खिलाफ प्रतिबंधित दवाएं रखने व धोखाधड़ी का
केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है।
योजना के तहत अंबाला के एसडीएम अजय
तोमर व डिप्टी सीएमओ डा. बीबी लाला की अध्यक्षता में सीएमओ करनाल डा. अनिता
अग्रवाल, डा. राजेंद्र समेत, एसडीएम व डीएसपी इंद्री को साथ लेकर अस्पताल
पर छापा मारा। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग इस संयुक्त छापेमारी से अस्पताल
में हड़कंप मच गया। टीम ने डाक्टर को भ्रूण लिंग जांच करते हुए मौके से
काबू किया। इसके साथ ही महिला को दी गई रिपोर्ट भी बरामद की, जिसमें लड़का
होने की बात कही गई थी। सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक चली इस जांच में
अस्पताल के अंदर बनी दवाइयों की दुकान से गर्भपात की किट बरामद की, जबकि
डाक्टर इसका कोई रिकार्ड पेश नहीं कर पाया। इसके अलावा भी कई प्रतिबंधित
दवाइयां और बरामद की गई हैं। टीम ने बारीकी से अस्पताल का रिकार्ड खंगाला
और बाद में टीम ने रिकार्ड में ले लिया। देर शाम दवाइयों की दुकान व
अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया गया। वहीं, डाक्टर को रात आठ बजे टीम
अपने साथ ले गई। छापामार कार्रवाई के दौरान अस्पताल के बाहर भारी मात्रा
में पुलिस बल तैनात रहा और किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया गया।
यूं आया डाक्टर जाल में
अंबाला
के डिप्टी सीएमओ डॉ. बीबी लाला ने बताया कि उन्हें काफी दिनों से सूचना
मिली थी कि अंबाला के एक निजी अस्पताल में कार्यरत कंपाउंडर के माध्यम से
इंद्री के एक निजी अस्पताल में लिंग जांच करने का कार्य चल रहा है। इसके
चलते उन्होंने एक एनजीओ की मदद से एक करीब साढ़े तीन महीने की गर्भवती
महिला को उसके पास लिंग जांच करने के लिए तैयार किया और कंपाउंडर ने उससे
13 हजार रुपये में सहमति की। इसके लिए उन्होंने उक्त कंपाउंडर को 13 हजार
रुपये दिए तो कंपाउंडर ने उसे लिंग जांच करने के लिए रविवार सुबह का समय
दिया। इसके लिए अंबाला के एसडीएम अजय तोमर की अध्यक्षता में टीम गठित की गई
और उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जैसे ही डॉक्टरों की टीम डा. अशोक
कश्यप के हस्पताल पर पहुंची तो मौके पर से कंपाउंडर तो आठ हजार रुपये की
राशि लेकर भाग गया, लेकिन टीम सदस्यों ने डॉक्टर अशोक कश्यप को काबू कर
लिया और उनसे 5 हजार रुपये की राशि बरामद कर ली।
लड़का होने की दी रिपोर्ट
डॉ.
लाला ने बताया कि कहा कि उन्हें मौके पर लिंग जांच करने की सभी प्रमाण
हासिल कर लिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार लिंग जांच में लड़का होने की बात कही।
उन्होंने कहा कि डा. अशोक कश्यप अस्पताल का दवाइयों की दुकान व
अल्ट्रासाउंड मशीन सील कर दी गई है। डिप्टी सीएमओ राजेंद्र ने बताया कि डा.
अशोक के क्लीनिक से एमटी पिल्ज यानी गर्भपात करवाने की दवाई भी मिली है,
जिनके खरीद फरोख्त का संबंधित डाक्टर के पास कोई रिकॉर्ड नहीं है। इनके
सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं।
भारी सुरक्षा के बीच चली कार्रवाई
डाक्टर
अशोक के अस्पातल पर छापामार कार्रवाई पूरी सुरक्षा के बीच चली। इस दौरान
किसी को भी अस्पताल के अंदरऔर बाहर नहीं जाने दिया गया। भारी मात्रा में
पुलिस बाहर तैनात रही। छापामार टीम में डा. पवन, डा. सुरेन्द्र कौर, डीएसपी
कुशल पाल राणा, थाना प्रभारी बलबीर सिंह, डीएसपी जितेन्द्र गहलावत, सिनियर
ड्रग अधिकारी डा. परजिन्द्र सिंह व ड्रग अधिकारी डा. गुरशरण सिंह आदि भारी
पुलिसबल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
कौन हैं डा. अशोक
डॉ. अशोक
कश्यप 2009 में इनेलो की टिकट पर इंद्री से विधायक बने। उन्होंने कांग्रेस
के भीमसेन मेहता को हराया था। वर्ष 2014 में भी पार्टी ने उनकी पत्नी उषा
कश्यप को टिकट देकर मैदान में उतारा था, लेकिन वह कर्णदेव कांबोज से हार गई
और दूसरे स्थान पर रहीं। वर्तमान में डॉ. अशोक इनेलो के प्रदेश सचिव हैं।
पीसीपीएनडीटी
एक्ट समेत विभिन धाराओं के तहत डॉ. अशोक व केमिस्ट वरूण को गिरफ्तार कर
लिया गया है। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ
की जा रही है। मामले की गंभीरता से तफ्तीश की जा रही है।
-कुशलपाल राणा, डीएसपी, इंद्री।