अंबाला सिटी। निजी स्कूल फीस बढ़ाकर दाखिले कर चुके हैं। अब दाखिले होने के बाद शिक्षा निदेशालय ने फार्म-छह जारी किया है। इस फार्म को निजी स्कूलों को भरने के लिए निर्देश दिए गए हैं। इस फार्म के लिए हर वर्ष आवेदन 31 दिसंबर तक लिए जाते थे। इस बार यह आवेदन अप्रैल माह में मांगे गए। ऐसे में निजी स्कूल अपनी मनमर्जी से नए सत्र में फीस बढ़ा चुके हैं। जिले की बात करें तो 385 से ज्यादा निजी स्कूल चल रहे हैं। इनमें पहली से 12वीं तक के निजी स्कूल शामिल हैं।
दरअसल, निजी स्कूल हर वर्ष फीस बढ़ाते हैं। फीस बढ़ाने के लिए निजी स्कूलों को शिक्षा विभाग की ओर से जारी किया जाने वाले फार्म-छह ऑनलाइन भरना होता है। अगर कोई स्कूल फार्म-छह नहीं भरता और वह नए सत्र में फीस बढ़ाता है तो उस पर विभाग कार्रवाई कर सकता है। ऐसे में हर वर्ष विभाग की ओर से फार्म-छह के तहत ऑनलाइन आवेदन मांगे जाते हैं। इसमें स्कूलों को फीस बढ़ाने संबंधित ब्यौरा देना होता है कि वह अपनी स्कूल में फीस क्यों बढ़ाएंगे और विद्यार्थियों को क्या सुविधाएं दी जाएंगी। साथ ही स्कूल स्टाफ से लेकर सुविधाओं व वेतन संबंधित ब्यौरा भी भरना होता है।
निजी स्कूलों की ओर से भरा जाएगा फार्म-छह : हरियाणा प्रोग्रेसिव स्कूल कांफ्रेंस के प्रदेश प्रवक्ता सौरभ कपूर ने बताया कि शिक्षा निदेशालय की ओर से फार्म-छह जारी किया गया है। उसे निजी स्कूलों की ओर से भरा जाएगा। पहले भी निजी स्कूलों की ओर से फार्म-छह भरा जाता है। विभाग यह फार्म दिसंबर माह में जारी करता था। इस बार फार्म अप्रैल माह में मांगा गया है।