जिला परिषद व पंचायती चुनावों के नामांकन के दूसरे दिन चुनावी
माहौल में तेजी देखने को मिली। हालांकि, करनाल में माहौल दूसरे दिन भी ठंडा
ही रहा। इसके अलावा इंद्री व असंध हलके में चुनावी अभियान में तेजी देखने
को मिली। दूसरे दिन बुधवार को करनाल में एक उम्मीदवार ने जिला परिषद के लिए
नामांकन किया।
वार्ड नंबर 3 इंद्री के जपती छपरा में रहने वाले बलबीर ने
जिला परिषद के चुनाव के तहत अपना पर्चा दाखिल करवाया, वहीं पंचायती चुनाव
के लिए नामांकन पत्र भरने के दूसरे दिन इंद्री खंड से विभिन्न गांवों में
सरपंच पद के लिए 18 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। इनमें 11 पुरुष व 7
महिलाएं शामिल हैं।
इसी प्रकार पंच पद के लिए कुल 16 उम्मीदवारों ने
नामांकन किया, इनमें 15 पुरुष व एक महिलाओं शामिल हैं। इसके अलावा ब्लॉक
समिति के चुनाव के लिए 5 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरा। नामांकन पत्र
भरने वाले प्रत्याशियों को अपने अनापत्ति प्रमाणपत्र लेने के लिए खासी
मशक्कत करनी पड़ी। जिला सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक की स्थिति तो
यह रही कि अनापत्ति प्रमाणपत्र लेने वालों की भीड़ को नियंत्रित करने के
लिए पुलिस को बुलाना पड़ा। एनओसी लेने वाले ज्यादातर प्रत्याशियों ने बैंक
कर्मचारियों पर आरोप लगाया कि बैंक कर्मचारी काम में लेटलतीफी कर रहे हैं।
उससे उन्हें परेशानी आ रही है। असंध में बताया कि दूसरे दिन 2 व्यक्तियों
ने पंच पद के लिए नामांकन पत्र भरा। सरपंच, ब्लाक समिति सदस्य के लिए कोई
नामांकन नही आया। पंच पद के लिए गांव राहड़ा से संजय व गांव चोचड़ा से रीना
ने नामांकन पत्र भरा।