गांव भैणी कलां के प्रेमी जोडे़ की ऑनर किलिंग के मामले के पेंच पुलिस के
लिए मुसीबत बन सकते हैं। ऑनर किलिंग के तीन आरोपियों को तीन दिन के पुलिस
रिमांड के बावजूद पुलिस किसी अन्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी। ऑनर
किलिंग हुए भी एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन अब तक किसी चौथे व्यक्ति की
गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। चर्चा है पूरे मामले में कुछ पेंच ऐसे फंसे
पडे़ हैं, जिन्हें पुलिस अभी शायद छेड़ नहीं रही है। ग्रामीण इलाके में भी
लोग दबी जुबान में साफ बोल रहे हैं कि होटल की फुटेज सब कुछ बयां कर रही
है। आरोपियों के खुलासे से लेकर घटना को अंजाम देने में प्रयोग की गई
गाड़ियों तक का राज खुल सकता है। बताते हैं कि पुलिस ने होटल की फुटेज अपने
कब्जे में ले रखी है। दूसरी ओर इस मामले में मंगलवार को कुछ लोग एसपी से
मिले है। उन लोगों ने एसपी से कुछ लोगों को निर्दोष बताते हुए उन पर
कार्रवाई नहीं करने का आग्रह किया है।
एक सप्ताह पूर्व 20 मई को गांव
भैणी कलां में एक ही जाति और एक ही गौत्र के मनोज उर्फ मन्नु और किरण घर से
चले गए थे। सूचना मिलने पर दोनों के परिवार के लोगों ने कुरुक्षेत्र के एक
होटल से पकड़ा था। परिवार के लोगों के साथ कुछ गांव के लोग और रिश्तेदार
भी थे। यह कौन लोग थे। इसका खुलासा होटल की फुटेज से सहज होने की संभावना
है। बिना फुटेज के सबूत के इस मामले में कोई बोलने वाला नहीं है। ऐसे हाल
में पूरा मामला पुलिस के लिए संभवतया सिरदर्द बना हुआ है।
अभी नहीं लगता कि
पुलिस इस पेंच को खोलने में पूरी तरह कामयाब हुई हो। वरना ऐसा कुछ नहीं है
कि पुलिस आरोपियों को एक सप्ताह तक भी गिरफ्तार नहीं कर सके। अभी तक पुलिस
तीन लोगों को गिरफ्तार कर आरोपियों को जेल भिजवा चुकी है, लेकिन इन्हीं
परिवारों के अन्य लोगों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है।
उधर
इस मामले के संबध में कुछ लोग मंगलवार को एसपी से मिले। वह लोग एसपी और
डीसी से मिलने आए थे। उन लोगों ने निर्दोष लोगों को इस कार्रवाई से बचाने
का आग्रह किया है।