पिछले दो दिनों से मौसम की गैर-मिजाजी लोगों को रूलाने लगी है। घने कोहरे के कारण जहां सर्दी बढ़ गई है, वहीं आम लोगों को मुसीबत झेलनी पड़ रही है। विजिबिलिटी मात्र दो मीटर होने के कारण वाहनों की रफ्तार बेहद कम रही, वहीं करीब दर्जन भर ट्रेन अपने निर्धारित समय से कई-कई घंटे देरी से चल रही हैं।
चंडीगढ़ जाने वाली कालका मेल की तो हद हो गई। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय रात 12 बजे की अपेक्षा वीरवार सुबह दस घंटे देरी के साथ पहुंची। इस ट्रेन से चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को रात ठंड में रेलवे स्टेशन पर ही बितानी पड़ी।
वीरवार को कोहरा बुधवार से भी अधिक पड़ा। सुबह करीब पांच बजे सैर सपाटे को निकले सैकड़ों लोग पार्कों में दिखाई नहीं दिए। करीब सात बजे के बाद ही कुछ लोग पार्कों में पहुंचे।
वाहन चालकों को जहां अपने वाहनों की लाइट जला कर किसी तरह अपना सफर तय करना पड़ा, वहीं दूसरी ओर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों को मुसीबत झेलनी पड़ी।
खुले आसमान से गिरने वाले घने कोहरे के दौरान आसमान से बूंदों के रूप में टपकने वाले पानी के कारण ऐसे लोगों के कपडे़ गीले हो गए। नौकरीपेशा और आवश्यक सेवाओं से जुडे़ लोगों को न चाहने के बावजूद अपने घरों से निकलना पड़ा। अधिकतर लोगों ने ठंड और कोहरे से बचने के लिए घरों में दुबके रहना उचित समझा।
विशेषज्ञ बोले और बढे़गी ठंड, बारिश भी होगी
मौसम विभाग के अनुसार दोपहर में करीब 12 बजे थोड़ा धूप निकली। इससे पहले लोगों के लिए कोहरा मुसीबत की बना रहा। बुधवार और वीरवार को दोनों दिन अधिकतम तापमान 14 डिग्री ही दर्ज किया गया, लेकिन न्यूनतम तापमान बुधवार के मुकाबले डेढ़ डिग्री लुढ़कने के साथ अब 7.0 डिग्री पर टिका है।
मौसम में नमी सुबह के समय 100 प्रतिशत और शाम के समय 91 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम में वाष्प दाब सुबह के समय 8.6 एमएम तथा शाम के समय 10.2 एमएम रिकार्ड किया गया। कोहरे के कारण विजिबिलिटी मात्र दो मीटर की दर्ज की गई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शुक्रवार को भी घना कोहरा पड़ने के आसार बने है। इसके साथ ही कहा कि न्यूनतम तापमान और टूटने के साथ ठंड और बढ़ने की संभावना है। उधर, मौसम विशेषज्ञों ने कहा कि दो और तीन फरवरी को बारिश होगी।
पंजाब और चंडीगढ़ जाने वाली ये रेलगाड़ियां रहीं लेट
---------------
गाड़ी समय रूट
* कालका मेल 10 घंटे चंड़ीगढ़
* हिमालयन क्वीन 40 मिनट चंड़ीगढ़
* शाने पंजाब 40 मिनट अमृतसर
* सचखंड एक्सप्रेस 2 घंटे अमृतसर
* फ्लाइंग 2 घंटे अमृतसर
* सुपरफास्ट एक्सप्रेस 2 घंटे अमृतसर
----------------------------------
दिल्ली की ओर जाने वाली ये गाड़ियां हुई लेट
-----------------------------
गाड़ी समय रूट
* झेलम एक्सप्रेस 1घंटा पुणे
* बठिंडा एक्सप्रेस डेढ़ घंटा दिल्ली
* सचखंड एक्सप्रेस 1 घंटा नांदेड साहिब
* पैसेंजर 1 घंटा दिल्ली
* आम्रपाली एक्सप्रेस 1 घंटा कटिहार
* पश्चिम एक्सप्रेस 30 मिनट बांद्रा