जीटी रोड के समीप पश्चिमी यमुना नहर बाईपास पर गहरी धुंध के कारण एक स्कॉर्पियो और कैंटर की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें स्कॉर्पियो सवार पांच लोग घायल हो गये। इनमें तीन व्यक्ति पंजाब के पटियाला और संगरूर जिले के रहने वाले हैं, जबकि दो व्यक्ति करनाल शामगढ़ के निवासी हैं। दुर्घटना की सूचना पर एंबुलेंस और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया। वहीं पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी की सीट के नीचे से 16 लाख रुपये बरामद किये हैं। इस संबंध में घायलों को कहना है कि वह कंबाइन खरीदने के लिये जींद जा रहे थे।
सदर थाना जांच अधिकारी संजय ने बताया कि करनाल के शामगढ़ निवासी दिलराज, रामरतन, पटियाला के गांव करसू कलां निवासी अमृतपाल, गांव नाबा निवासी अमरीक और संगरूर के गांव लाडेवाल निवासी हकम सिंह स्कॉर्पियो में सवार होकर शामगढ़ से जींद के लिए चले थे, जहां से उन्हें कंबाइन खरीदकर लानी थी। सुबह के समय जब वह जीटी रोड कर्ण लेक के समीप से गुजर रहे थे। तभी पश्चिमी यमुना नहर बाईपास पर गहरी धुंध के कारण उनकी गाड़ी सामने से आ रहे कैंटर से टकरा गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार सभी घायल हो गये। उन्हें प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को उन्होंने बताया कि गाड़ी की सीट के नीचे कुछ रुपये रखे हैं। मौके पर जाकर पुलिस ने 16 लाख रुपये बरामद किये। घायलों के अनुसार वे 31 लाख रुपये लेकर कंबाइन खरीदने के लिए जींद जा रहे थे। बाकी के 15 लाख रुपये घायलों के पास ही थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।