शाहाबाद के गांव खरींडवा में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि मौके पर दो हवाई फायर भी हुए और एक गुट ने दूसरे पक्ष की मोटरसाइकिल को आग भी लगा दी।
इस झगड़े में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। इनमें से तीन को गंभीर अवस्था के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
गांव खरींडवा में जमीनी विवाद को लेकर दो गुट आपस में बातचीत के लिए बैठे थे। इस दौरान दोनों पक्षों की यह बातचीत कुछ ही क्षणों में झगड़े में बदल गई और देखते ही देखते हाहाकार मच गया।
इस झगड़े में एक पक्ष के भरत सिंह, रामकरण व देवीलाल घायल हो गए तथा दूसरे पक्ष के गुरनाम सिंह, संजू व बीचबचाव करने आई एक महिला कर्मजीत कौर भी घायल हो गई।
मामले की जानकारी मिलते ही शाहाबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दयाल चंद घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों को शाहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भिजवाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी दयालचंद ने पुलिस कर्मचारियों को गांव में भी तैनात किया ताकि दोबारा झगड़ा न हो सके। प्राथमिक उपचार के बाद भरत सिंह, रामकरण व देवीलाल को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
दोनों पार्टियां अस्पताल में ही उपचाराधीन थी इसलिए पुलिस कर्मचारी अस्पताल में भी तैनात रहे ताकि अस्पताल में झगड़ा न हो और किसी के उपचार में बाधा न आए।
इस बारे में जब थाना प्रभारी दयालचंद से बात की गई तो उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि अभी मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि गांव के कुछ लोगों का कहना है कि झगड़े में हवाई फायर हुए हैं लेकिन कुछ का कहना है कि नहीं हुए।
उन्होंने कहा कि अभी दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद व पूरी जांच के बाद सही तस्वीर सामने आएगी। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल को आग लगाने का प्रयास किया गया है।