माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। थाना चांदनीबाग क्षेत्र के गांव निंबरी में सोमवार की शाम सात बजे उधार में सामान न देने पर गुस्साए युवक ने चार साथियों के साथ मिलकर किराना दुकानदार के बेटे पर फायरिंग कर दी जिसमें वह बाल-बाल बचा। गोली की आवाज सुन ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हमलावरों से हथियार छीनने का प्रयास किया मगर वह भाग गए।
सूचना पर चांदनीबाग पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी का कहना है कि बुलेट से पटाखे छोड़ने पर विवाद शुरू हुआ था। गांव के ही एक युवक विकास उर्फ विक्का को नामजद कर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
निंबरी गांव के बलिंद्र ने बताया कि उनकी गांव के बाहर किराना की दुकान है। सोमवार शाम को उसका 18 वर्षीय बेटा रजत दुकान पर बैठा था। शाम को सात बजे गांव का की विकास उर्फ विक्का दुकान पर आया और उधार सामान मांगा। रजत ने सामान देने से इन्कार कर दिया। विक्का वहां से चला गया। कुछ देर बाद विकास अपने तीन साथियों के साथ कार में आया और गाली गलौज करने लगा। इसी बीच विकास ने हाथ में ली पिस्तौल से रजत पर गोली चला दी लेकिन वह बच गया। ग्रामीणों ने मामले की वीडियो बना ली। फायरिंग की सूचना पर थाना चांदनीबाग पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल की वीडियो पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बलिंद्र की शिकायत पर विकास और उसके तीन अन्य साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।