करनाल। जिला नागरिक अस्पताल में फायर एनओसी प्राप्त करने के लिए फायर फाइटिंग सिस्टम लगाने का कार्य शुरू किया गया है। इस कार्य के चलते अस्पताल में भर्ती मरीजों की परेशानियां बढ़ गई हैं। स्प्रिंकलर पाइपलाइन और अन्य उपकरण लगाने के लिए की जा रही ड्रिलिंग और निर्माण कार्य के कारण अस्पताल के विभिन्न हिस्सों में धूल उड़ रही है। यह धूल मरीजों के वार्डों तक पहुंच रही है। खासकर पहले तल पर स्थित वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तीमारदारों का कहना है कि वार्डों में धूल के कारण बैठना तक मुश्किल हो रहा है। अस्पताल में भर्ती मरीजों को स्वच्छ वातावरण मिलना चाहिए, लेकिन निर्माण कार्य के चलते उन्हें धूल के बीच रहना पड़ रहा है। तीमारदारों ने मांग की है कि काम के दौरान धूल को वार्डों तक पहुंचने से रोकने के लिए उचित प्रबंध किए जाएं।
जिला नागरिक अस्पताल के आरएमओ डॉ. मनीष ने बताया कि अस्पताल में फायर फाइटिंग सिस्टम से संबंधित कार्य करवाया जा रहा है, ताकि अस्पताल को फायर एनओसी मिल सके। कार्य के चलते कुछ असुविधा हो रही है। इस संबंध में कर्मचारियों से बात की जाएगी और प्रयास किया जाएगा कि निर्माण कार्य के दौरान मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
धूल से बढ़ सकता है अस्थमा और सांस के मरीजों का मर्ज
श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉ प्रदीप के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान उड़ने वाली धूल में मौजूद बारीक कण सांस के जरिये फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। इससे श्वसन नलिकाओं में जलन और सूजन हो सकती है। अस्थमा, एलर्जी, ब्रोंकाइटिस और सीओपीडी से पीड़ित मरीजों में खांसी, सांस फूलना, सीने में जकड़न और घरघराहट जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
मरीजों के पास पहुंच रही धूल
पहले तल पर भर्ती मरीजों के तीमारदार नैना और शुभम ने बताया कि अस्पताल में फायर एनओसी के लिए चल रहे कार्य के दौरान काफी धूल उड़ रही है। धूल वार्डों तक पहुंच रही है, जिससे मरीजों के पास बैठना भी मुश्किल हो गया है।
जिला नागरिक अस्पताल के पहले तल पर चल रहा मरम्मत कार्य। अमर उजाला