दमकल की कार्रवाई नोटिसों तक सीमित, शहर के कोचिंग व ट्यूशन सेंटरों तक अब भी नहीं पहुंची जांच टीम
कॉमर्शियल इमारतों का निरीक्षण जारी, 180 भवनों को नोटिस; एक भी इमारत पर सीलिंग की कार्रवाई नहीं
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर में व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए शुरू किया गया दमकल विभाग का अभियान अभी तक अपेक्षित गति नहीं पकड़ पाया है। विभाग की टीम अब तक शहर के कोचिंग और ट्यूशन सेंटरों तक नहीं पहुंच सकी है, जबकि हाल ही में देश के विभिन्न हिस्सों में कोचिंग संस्थानों में हुए अग्निकांडों के बाद ऐसे संस्थानों की विशेष जांच के निर्देश जारी किए गए थे। फिलहाल दमकल विभाग की कार्रवाई शहर की कॉमर्शियल इमारतों के निरीक्षण और नोटिस जारी करने तक ही सीमित दिखाई दे रही है।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार अब तक शहर की करीब 180 कॉमर्शियल इमारतों का निरीक्षण किया जा चुका है। जांच के दौरान जिन भवनों में अग्निशमन नियमों का उल्लंघन या सुरक्षा संबंधी कमियां मिलीं, उन्हें नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि अब तक किसी भी इमारत को सील करने या उसके संचालन पर रोक लगाने जैसी सख्त कार्रवाई नहीं की गई है।
कोचिंग सेंटरों की जांच अब भी बाकी
शहर में मुगल कैनाल, पुराने बस स्टैंड और तकरीबन सभी सेक्टरों में बड़ी संख्या में बहुमंजिला इमारतों में कोचिंग और ट्यूशन सेंटर संचालित हो रहे हैं, जहां प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी पढ़ने पहुंचते हैं। इनमें से कई संस्थान संकरी गलियों, बेसमेंट या ऊपरी मंजिलों पर चल रहे हैं। ऐसे स्थानों पर आग लगने की स्थिति में छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालना बड़ी चुनौती बन सकता है। इसके बावजूद दमकल विभाग की टीम अब तक इन संस्थानों का सर्वे शुरू नहीं कर सकी है।
नोटिस के बाद सुधार का दिया जा रहा मौका
दमकल अधिकारी दीपक का कहना है कि निरीक्षण के दौरान जिन भवनों में फायर सेफ्टी उपकरण, आपातकालीन निकास, फायर अलार्म, अग्निशामक यंत्र या अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं में कमी मिली है, उन्हें पहले नोटिस देकर सुधार का अवसर दिया जा रहा है। निर्धारित अवधि के भीतर कमियां दूर नहीं करने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
व्यावसायिक भवनों पर फोकस
वर्तमान में दमकल विभाग की टीमें बाजारों, शोरूम, कार्यालयों, अस्पतालों और अन्य व्यावसायिक इमारतों का निरीक्षण कर रही हैं। प्रत्येक भवन में फायर एनओसी, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास, बिजली व्यवस्था और आग से बचाव के अन्य मानकों की जांच की जा रही है।
अब कोचिंग सेंटर और ट्यूशन का निरीक्षण कर उन्हें भी नोटिस जारी किए जाएंगे