असंध क्षेत्र के कुरलन गांव में सालवन मार्ग पर स्थित पंचायती जमीन पर बाग में रविवार को आग लग गई। दमकल ने जब तक आग पर काबू पाया अधिकतर पौधे जलकर राख हो गए थे। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी के धूम्रपान करने के कारण आग लगी।
कुडलन गांव के सरपंच प्रदीप जून ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से वर्ष 2023 में करीब 20 एकड़ में तारबंदी कर पौधे लगाए गए थे। 6 एकड़ में अमरूद, 6 एकड़ में नींबू, 4 एकड़ में किन्नू-आंवला और 4 एकड़ में बेर, आड़ू व जामुन के पौधे थे। पौधों में पानी देने के लिए लाखों रुपये से प्लास्टिक की पाइप लाइन बिछाई गई थी।
आगजनी ने आसपास के खेतों को भी अपने आगोश में ले लिया। किसान प्रवीन के लगभग 25 एकड़ की फसल के अवशेष भी जल गए।
कुरलन स्थित ग्राम पंचायत भूमि पर लगी बागवानी में आगजनी की सूचना मिली है। यदि पंचायत की ओर से औपचारिक शिकायत दी जाती है तो विभाग के अधिकारी मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करेंगे और विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगे। -डॉ. कमल सैनी, बागवानी विभाग, करनाल
कुडलन गांव में आग लगने से जले बागवानी के पौधे।