माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा पुलिस के कांस्टेबल रोहित सिंह की आत्महत्या के मामले में 24 दिन बाद पुलिस ने पत्नी समेत पांच ससुरालीजन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
रोहित की मां सुनीता देवी ने आरोप लगाया कि पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। उस पर संपत्ति में हिस्सा, लाखों रुपये और आधी सैलरी देने का दबाव बनाया जा रहा था। मां ने शिकायत के साथ सुसाइड नोट भी पुलिस को सौंपा है।
शिकायत के अनुसार, रोहित की शादी 19 अगस्त 2024 को गांव स्टौंडी निवासी कनिका से हुई थी। मां का आरोप है कि शादी के बाद से ही घरेलू विवाद शुरू हो गए थे। कनिका ने रोहित से पहले विवाह की जानकारी भी छिपाई थी।
परिवार को बाद में उसके गांव आंदू निवासी संजय से पूर्व विवाह के बारे में पता चला। आरोप है कि ससुराल पक्ष रोहित पर संपत्ति में हिस्सा और रुपये देने का दबाव बनाता था। परिवार को दहेज के झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी जाती थी।
मां ने दावा किया कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर रोहित ने 30 अक्तूबर 2026 को आत्महत्या कर ली। मां के अनुसार, 10 मई 2026 को वह पवन सरपंच और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कनिका को समझाने गांव स्टौंडी गई थीं लेकिन वहां उनके साथ अभद्रता कर घर से निकाल दिया गया।
इसके बाद कनिका ने फैमिली कोर्ट में रोहित के खिलाफ याचिका दायर कर 35 हजार रुपये प्रतिमाह खर्च की मांग की थी।