हिरासत में युवक की मौत के मामले में सीआईए-2 के खिलाफ साक्ष्यों और गवाहों की लंबी फेहरिस्त
वर्दी पर दाग
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। बीजणा गांव के युवक जितेंद्र राणा उर्फ जैकी की हिरासत में मौत हो जाने के मामले में एफआईआर दर्ज करने में पुलिस को 27 घंटे का लंबा वक्त लगा। वह भी तब जबकि जितेंद्र को गैर कानूनी ढंग से घर से ले जाने के दौरान की सीसीटीवी फुटेज मौजूद थे और मामला हाईकोर्ट तक जा चुका था। परिजन को अब आरोपी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी का इंतजार है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जांच रिपोर्ट आ जाने के बाद भी कार्रवाई में देरी की गई तो फिर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
पुलिस के अधिकारी बीजणा गांव के लोगों और जैकी के परिजन का गुस्सा देख भी चुके हैं। ये लोग शनिवार की सुबह से रविवार की शाम तक लगभग 32 घंटे जिला नागरिक अस्पताल के बाहर धरना-प्रदर्शन करते रहे। जिन पुलिसकर्मियों पर हिरासत में मौत का आरोप लगा, उनमें से तीन को शनिवार को ही निलंबित कर दिया गया था लेकिन परिजन एफआईआर पर अड़े रहे। आखिर पुलिस को सीआईए-2 के प्रभारी प्रवीण और हेड कांस्टेबल संदीप के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करनी पड़ी। इसके बाद जैकी के परिजन दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
डिप्टी एसपी गोरखपाल राणा ने आश्वासन दिया है कि अगर जांच में दोनों दोषी पाए जाते हैं तो उनसे पूछताछ करने में जरा भी देरी नहीं की जाएगी। परिजन अब जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। यह सोमवार को आ सकती है। जांच कर रहीं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट खुश्बू गोयल जैकी के परिजन, सीआईए-2 की टीम और पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों के बयान दर्ज कर चुकी हैं। देखना यह है कि वह जांच में किस नतीजे पर पहुंचती हैं और रिपोर्ट आने पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है? जितेंद्र को 11 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे हिरासत में लिया गया था। 14 की सुबह 10 बजे मौत की सूचना दी गई। 15 की दोपहर लगभग डेढ़ बजे एफआईआर दर्ज की गई।
बड़ा सवाल... पुलिस ने हाईकोर्ट में झूठ क्यों बोला?
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही बन गया है कि पुलिस ने हाईकोर्ट में झूठ क्यों बोला? दरअसल, 11 नवंबर को जितेंद्र को हिरासत में लिए जाने के बाद पहले परिजन सीआईए के संपर्क में रहे। उन्हें लग रहा था कि जैकी को छोड़ दिया जाएगा लेकिन जब इसकी उम्मीद कम होती चली गई तो इन लोगों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी। हाईकोर्ट ने पुलिस से जानकारी मांगी। इस पर सीआईए-2 की ओर से जवाब दिया गया कि जैकी उसकी हिरासत में नहीं है। यह दावा तब झूठा साबित हो गया जब जैकी के परिजन ने उसे हिरासत में लिए जाने के दौरान की फुटेज अफसरों के सामने रख दी।
इनके भी चाहिए जवाब
1. सीआईए-2 के एएसआई राजिंदर को कंधे में गोली लगने से घायल बताया गया है। वह निजी अस्पताल में भर्ती है। सवाल यह है कि उसे गोली कैसे लगी और गोली लगने की एफआईआर दर्ज क्यों नहीं की गई?
2. सीआईए-2 की हिरासत में जैकी की मौत हो जाने के बाद सदर थाना पुलिस ने बीजणा के सरपंच को फोन से सूचना थी। सवाल यह है कि सूचना सीआईए-2 ने क्यों नहीं दी ? और यह सरपंच को क्यों दी गई, जैकी के परिजन को क्यों नहीं?
3. जैकी की मौत के दो दिन बाद भी सीआईए-2 की ओर से यह नहीं बताया गया है कि उसे शस्त्र अधिनियम के जिस मामले में हिरासत में लिया जाना बताया गया है, वह कौन से थाने में दर्ज है और उसका विवरण क्या है?
4. अगर जैकी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था तो 24 घंटे के भीतर कोर्ट के सामने पेश क्यों नहीं किया गया? अभी यह भी स्पष्ट नहीं है कि सीआईए-2 ने हिरासत में लिए जाने की जानकारी अफसरों को दी थी या नहीं?
हर बिंदु पर होगी जांच
सीआईए-2 जितेंद्र को किस मामले में ले गई थी? उसकी मौत कैसे हुई? उसे ले जाने और पूछताछ के दौरान कौन-कौन पुलिसकर्मी मौजूद थे? पूछताछ के दौरान क्या हुआ? और एएसआई को गोली कैसे लगी ? ये सभी सवाल इस मामले में उठाए गए हैं। हर बिंदु पर जांच की जा रही है। जांच के आधार पर ही कार्रवाई तय होगी
- गोरखपाल राणा, डीएसपी
32 घंटे बाद राजी हुए परिजन, आज होगा अंतिम संस्कार
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। बीजणा गांव के जितेंद्र उर्फ जैकी की सीआईए-2 की हिरासत में मौत के मामले में करीब 32 घंटे तक चला विरोध रविवार शाम साढ़े पांच बजे समाप्ति की ओर बढ़ा। दिनभर अस्पताल में शव को लेकर परिजन और पुलिस प्रशासन के बीच बातचीत और मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा। हत्या का मामला दर्ज होने के बावजूद परिजन आरोपित पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे।
रविवार को दोपहर से विधायक योगेंद्र राणा भी धरनास्थल पर मौजूद रहे। उन्होंने परिजनों और क्षत्रिय समाज के लोगों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि एफआईआर दर्ज कराने की अनुमति लेकर आए हैं। इसके बाद डीएसपी ने भी परिजनों को प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी दी। हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के बाद भी परिजनों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उनका कहना था कि जब तक नामजद पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उन्हें न्याय मिलने का भरोसा नहीं होगा।
दोपहर करीब तीन बजे कुछ युवा एनडीआरआई चौक पर पहुंच गए और वहां जाम लगाने का प्रयास किया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस ने युवाओं को समझाकर वापस भेज दिया। इसके बाद दोबारा अस्पताल में बातचीत का दौर चला। युवाओं का कहना था कि इतने गंभीर मामले में केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, आरोपितों के खिलाफ ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।
999
जैकी के भाई का आरोप... रिश्वत देने में जमीन तक बिक गई
मृतक के भाई शुभम ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी पुलिस उसके छोटे भाई को उठाकर ले गई थी। उसके साथ मारपीट की गई और छोड़ने के बदले तीन लाख रुपये लिए गए। परिवार का दावा है कि लगातार प्रताड़ना के कारण उनकी जमीन तक बिक गई और अब आर्थिक स्थिति बेहद खराब है।
मृतक के भाई रिंकू ने आरोप लगाया कि पुलिस की धमकियों के कारण परिवार के सदस्य 11 से 14 नवंबर तक अदालत परिसर में अपने वकील के पास छिपकर बैठे रहे। उन्हें डर था कि बाहर निकलते ही पुलिस पकड़ लेगी। उन्होंने परिवार की सुरक्षा की मांग भी उठाई।
मृतक के ताऊ ने मीडिया के सामने गांव के ही एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि उसने थाने में खड़े होकर पैसे देकर उनके भतीजे की हत्या करवाई है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
परिजन ने अपनी जान को खतरा बताते हुए परिवार के दो सदस्यों को हथियार लाइसेंस देने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना था कि उन्हें पुलिस और विरोधियों से खतरा है।
धरने के दौरान समाजसेवी राम सिंह राणा ने कहा कि राजपूत समाज के युवक की मौत के मामले में पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारी क्यों नहीं आए? यह चिंता का विषय है। जनप्रतिनिधि भी मृतक के परिवार की सुध नहीं ले रहे हैं। सीआईए वसूली का काम कर रही है।
टाइमलाइन-
सुबह नौ बजे : परिजन शवगृह पर एकत्रित हुए।
सुबह 11 बजे : डीएसपी गोरखपाल राणा और डीएसपी संदीप कुमार शवगृह पर पहुंचे।
दोपहर एक बजे : डीएसपी गोरखपाल राणा ने प्राथमिकी दर्ज करने की जानकारी दी।
दोपहर दो बजे : कुछ परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए, कुछ नहीं माने।
दोपहर तीन बजे : युवा एनडीआरआई चौक पर पहुंचे और जाम लगाने का प्रयास किया।
दोपहर साढ़े तीन बजे : असंध विधायक योगेन्द्र राणा मौके पर पहुंचे।
शाम साढ़े चार बजे : असंध विधायक योगेन्द्र और डीएसपी गोरखपाल ने परिजनों को समझाया।
शाम साढ़े पांच बजे : परिजन माने, सोमवार को शव उठाने पर राजी हुए।