घरौंडा खंड में फसल अवशेष जलाने पर एक और किसान पर एफआईआर दर्ज
पहले भी घरौंडा के तीन किसानों पर पराली जलाने को लेकर हो चुका है मामला दर्ज
मौके पर पहुंचे टीम अधिकारियों के साथ भी किसान ने की बदसलूकी
करनाल।
गांव फुरलक में फसल अवशेष जलाने के मामले में कृषि विभाग के सुपरवाइजर की शिकायत पर एक और किसान के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। रविवार दोपहर लगभग 11:50 बजे किसान सुरजीत निवासी फुरलक ने अपने तीन एकड़ खेत में पराली को आग लगा दी। इस दौरान कृषि विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उसे आग बुझाने के लिए कहा।
आरोप है कि आग लगने से रोकने पर किसान सुरजीत ने कर्मचारियों से झगड़ा किया, बदतमीजी की और यहां तक कि धमकियां भी दीं। कृषि विभाग के सुपरवाइजर सनी ने थाना घरौंडा में इस संबंध में लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि सुरजीत ने न केवल पराली में आग लगाई बल्कि विभागीय टीम पर दबाव बनाने की कोशिश करते हुए अपने कुछ साथियों को भी मौके पर बुला लिया।
कृषि विभाग की टीम ने इस दौरान वीडियो भी बनाई और मामला तुरंत पुलिस के संज्ञान में लाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर किसान सुरजीत के खिलाफ धारा 223(ए) भारतीय न्याय संहिता, 2023 तथा एयर (प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ पॉल्यूशन) एक्ट, 1981 की धारा 39 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी घरौंडा क्षेत्र के तीन किसानों पर पराली जलाने के मामले में केस दर्ज किया जा चुका है, बावजूद इसके किसान पराली जलाने से बाज नहीं आ रहे हैं।
थाना प्रभारी दीपक ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है और आगे की जांच जारी है।