मुख्य संसदीय सचिव व हलका विधायक सुलतान सिंह जडौला ने मंगलवार को पूंडरी में 1.3 करोड़ की लागत से बनी परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 16 लाख की लागत से पेवर ब्लॉक, स्कूल की चहारदीवारी पर 1.50 लाख, दो कमरों के नवीनीकरण के लिए छह लाख, खेल मैदान के स्टेज के लिए सात लाख, राजकीय कन्या विद्यालय में पेवर ब्लाक के लिए सात लाख व स्कूल में दो कमरों के निर्माण कार्य के उद्घाटन पर 8.50 लाख की राशि खर्च की गई।
इसके अलावा वार्ड नंबर-2 में हाबड़ी रोड से 11 रुद्री मंदिर तक 10 लाख की लागत से गली, वार्ड नंबर-4 में हाबड़ी रोड से शैलर गामड़ी तक 25 लाख की लागत से गली, वार्ड नंबर-7 व 9 में गुरुद्वारे से सुदर्शन गर्ग के मकान तक पांच लाख की लागत से गली, वार्ड 8 से 9 में सचिन गिरधर से गोपीनाथ मंदिर तक सात लाख की लागत से गली बनाई गई है।
परियोजनाओं के लोकार्पण के बाद मुख्य संसदीय सचिव सुलतान सिंह जडौला ने कहा कि हुड्डा सरकार के पिछले दस साल के शासनकाल में प्रदेश ने नई बुलंदियों को छुआ है। हलके में चारों ओर सड़कों और गलियों का निर्माण कार्य चल रहा है। पूंडरी की मुख्य सड़कों गिरधर चौक से पूंडरीक तीर्थ तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य जारी है। गुरु ब्रह्मानंद चौक से तहसील प्रांगण तक बनने वाली फोरलेन सड़क के टेंडर हो चुके हैं। पूंडरी शहर के प्रसिद्ध पूंडरीक तीर्थ के नवीनीकरण के लिए दो करोड़ की राशि मंजूर हो चुकी है। इस मौके पर नपा अध्यक्ष महाबीर सिंह, नपा सचिव भरत सिंह नरवाल, पालिका अभियंता सुरेंद्र सिंह, पार्षद कीमत बंसल, पार्षद नरेश रंगा, सतीश गोलन, अश्वनी खुराना, विधायक के निजी सचिव मोनू पाई और जोगिंदर सिंह मौजूद रहे।