असंध। सोमवार को साइकिल से छोटी बच्ची को घुमा रहे पिता पर छह लोगों ने हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत पर सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में असंध निवासी नरेश कुमार ने बताया कि उनका छोटा भाई संदीप सोमवार की शाम करीब 4 बजे अपनी छोटी बच्ची को साइकिल पर घुमाने के बाद घर लौट रहा था। जब वह ढोल चौक से थोड़ा आगे पहुंचा, तब जितू, विक्रम, सावन, राजू, बाबू और जगत ने उन पर डंडों व तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में संदीप की दाईं बाजू और कोहनी पर गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उन्हें हमलावरों से छुड़ाया। जब वह बाद में आरोपियों के घर पहुंचे तो उन्होंने उसके साथ गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी एकजुट होकर नरेश के घर पहुंचे और ईंटें बरसाईं। आरोपियों ने उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। असंध थाना के जांच अधिकारी राजेंद्र ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।