करनाल। बेटी की जान बचाने के लिए पिता ने अपनी जान की परवाह नहीं की। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पार करते समय आठ साल की बेटी अचानक दौड़ पड़ी तो उसे किसी वाहन की चपेट में आने से बचाने के लिए 50 वर्षीय विपिन भी उसके पीछे दौड़े। इसी कोशिश में वह खुद तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गए।
टक्कर लगने के बाद गिरे और बस के पिछले पहियों के नीचे आने से उनकी मौके पर मौत हो गई। सोमवार को जीटी रोड पर कोहंड के पास हुए इस हादसे ने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर दिया। जिस बेटी को बचाने के लिए पिता ने दौड़ लगाई थी, वह पिता को खो बैठी। पुलिस के अनुसार, मृतक विपिन असम के रहने वाले थे और कोहंड में किराये के मकान में परिवार के साथ रहते थे और पोल्ट्री फार्म में काम करते थे। सोमवार को वह अपनी आठ साल की बेटी के साथ जीटी रोड स्थित एक फैक्टरी में साढ़ू तेजपाल से मिलने आए थे। मुलाकात के बाद दोनों फैक्टरी से निकले और हाईवे पार करने लगे। इसी दौरान बच्ची अचानक सड़क पर दौड़ पड़ी। उसे बचाने के लिए विपिन भी उसके पीछे भागे लेकिन तभी वहां से गुजर रही बस ने उन्हें टक्कर मार दी। वह बस के पिछले टायरों के नीचे आ गए और दम तोड़ दिया।
घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।