करनाल/मूनक। दिवाली पर घर से निकले घरौंडा की तेलू कॉलोनी निवासी बुजुर्ग बलविंद्र सिंह का सोमवार को गोहाना रजबाहे से शव बरामद हुआ। रविवार शाम को गगसीना गांव के पास नहर किनारे उनकी एक्टिवा, कपड़े, जूते और मोबाइल फोन मिलने के बाद से परिजन उनकी तलाश कर रहे थे।
गोताखोरों की मदद से नहर में भी तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन रात तक उनका सुराग नहीं लगा। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे मूनक हैंड के पास रजबाहे के गेट पर शव दिखाई दिया। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और परिजनों से उनकी पहचान कराई।
बलविंद्र सिंह के बेटे सुखविंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके पिता रविवार सुबह करीब 9:15 बजे घर से निकले थे। काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनके मोबाइल पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू कर दी। कोई जानकारी नहीं मिलने पर थाना घरौंडा में शिकायत देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
नहर किनारे मिला था सामान
सुखविंद्र सिंह के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे पिता के मोबाइल फोन पर संपर्क हुआ। फोन पर गगसीना गांव के सरपंच के भाई ने बताया कि बलविंद्र सिंह की एक्टिवा, कपड़े, जूते और मोबाइल फोन नहर के पास पड़े मिले हैं। सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पिता का सामान तो मिल गया, लेकिन उनका पता नहीं चला। इसके बाद नहर में गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई।
सोमवार दोपहर मूनक हेड के पास गोहाना रजबाहे के गेट पर लोगों को पानी में शव के पैर दिखाई दिए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। जांच अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर पहले गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शव मिलने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की ओर से कोई आरोप या अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उस पहलू से भी जांच की जाएगी।