बेटी के यौन शोषण मामले में आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया जायेगा। इससे पहले सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष के निर्देशानुसार बीते बुधवार हुई मेडिकल जांच में छात्रा से रेप की पुष्टि हो चुकी है। फिलहाल पीड़िता को बाल कल्याण समिति की निगरानी में रखा गया है।
विदित हो कि स्कूल में हुए जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बेटी ने आपबीती बयां की थी। साथ ही अपने पिता पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। बाल कल्याण समिति की ओर से करवाई गई छात्रा की काउंसलिंग में दुष्कर्म की बात सामने आने पर लड़की की मेडिकल जांच करवाई गई। मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष उमेश चानना ने पुलिस को इस मामले में कार्रवाई करने के आदेश जारी किये थे। वीरवार को घरौंडा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जायेगा।
चाइल्ड हेल्प लाइन की टीम जाएगी पीड़िता के घर
मामला उजागर होने के बाद हरकत में आई चाइल्ड हेल्प लाइन टीम ने तुरंत बाल कल्याण समिति को मामले की सूचना दी थी। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अध्यक्ष उमेश चानना ने सुरक्षा की दृष्टि से लड़की को उसके घर से रेस्क्यू किया था। फिलहाल तक पीड़िता को सीडब्ल्यूसी की निगरानी में रखा गया है। उमेश चानना ने बताया कि लड़की को वापस उसके परिजनों को सौंपने से पहले चाइल्ड लाइन की टीम उसके घर जाएगी। चाइल्ड लाइन की टीम यह निर्णय करेगी कि घर पर पीड़िता के लिए सुरक्षित माहौल है या नहीं। चाइल्ड लाइन की रिपोर्ट आने के बाद ही लड़की की कस्टडी को लेकर कोई निर्णय होगा।