संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। हरियाणा ओलंपिक संघ की ओर से आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन के पहले मुकाबले में फतेहाबाद की टीम ने करनाल की टीम को पेनल्टी शूटआउट में 8-7 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। फाइनल में फतेहाबाद का मुकाबला झज्जर से होगा। करनाल की टीम ने पानीपत को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग में भिवानी की टीम ने सोनीपत की टीम को 4-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के तीसरे दिन पुरुष और महिला वर्ग में तीन-तीन मुकाबले खेले गए। करनाल और फतेहाबाद के बीच चल रहे मैच के दौरान पेनल्टी शूटआउट शुरू हुआ तो दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैच को रोमांचक बना दिया। दोनों टीमों की ओर से लगातार गोल पर गोल हो रहे थे। आखिरी पेनल्टी शूटआउट में करनाल टीम के गोलकीपर ने गोल को रोकने के लिए छलांग लगाई तो रेफरी की ओर से आपत्ति जताई गई। उनका कहना था कि गोलकीपर लाइन के आगे आ गए थे, जो मान्य नहीं है। विवाद हुआ, हालांकि आखिर में फतेहाबाद को 8-7 से विजयी घोषित कर दिया गया।