सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूंडरी में सांसद नायब सिंह सैनी के कोरोना टीकाकरण कार्यक्रम में पहुंचने की सूचना पर काफी संख्या में किसान पहुंच गए। सांसद सैनी का विरोध करते हुए किसानों ने नारेबाजी की और धरना दिया। सांसद सैनी के पहुंचने से पहले ही पुलिस ने किसानों को हिरासत में ले लिया। सांसद के जाने के बाद किसानों को छोड़ दिया।
भाकियू के युवा प्रदेशाध्यक्ष विक्रम कसाना व संयुक्त किसान मोर्चा से राममेहर ढुल ने कहा कि जब तक सरकार तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं लेती, तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सांसद के पूंडरी हलके के हर कार्यक्रम का वे विरोध करते रहेंगे।
कुंडली बॉर्डर धरनास्थल पर ड्रेन नंबर आठ के पास शनिवार सुबह पटियाला के किसान दुग्गल सिंह के टेंट में सिलिंडर से गैस लीक होने पर आग लग गई। टेंट में मौजूद 12 किसानों ने भागकर जान बचाई। आग से टेंट में रखा पूरा राशन व अन्य सामान जल गया। बाद में फायर ब्रिगेड कर्मियों ने पहुंचकर आग बुझाई।