फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: ट्रेड डील के विरोध में किसानों का ट्रैक्टर मार्च, फूंका पुतला

विज्ञापन
लघु स​चिवालय के बाहर पुतला फुंक कर नारेबाजी करते किसान। संवाद
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
विज्ञापन

करनाल। अमेरिका-भारत ट्रेड डील के विरोध में और रिंग रोड पर सर्विस लेन की मांग के लिए भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकाला। ताऊ देवीलाल चौक से रोष प्रदर्शन करते हुए सेक्टर-12 पहुंचे किसानों ने करीब तीन घंटे तक लघु सचिवालय को घेरा। इस दौरान सड़क पर बैठे किसानों ने शासन और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध स्वरूप किसानों ने पुतला भी फूंका। इस दौरान किसानों से बातचीत के लिए जब एसडीएम प्रदीप कुमार बाहर आए तो किसानों ने उनसे बात करने को मना कर दिया और डीसी से मुलाकात के लिए अड़ गए।
जब डीसी नहीं आए तो उनके खिलाफ भी नारेबाजी की। बातचीत के दौरान एसडीएम ने रिंग रोड के मामले पर समाधान का आश्वासन दिया तो वे शांत हुए। किसानों ने कहा कि उपायुक्त ने उनकी सुनवाई नहीं की इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी के बहिष्कार का एलान किया। शुक्रवार को करनाल में अपनी लंबित मांगों को लेकर किसानों का गुस्सा खुलकर सड़कों पर दिखाई दिया। यूनियन के आह्वान पर किसानों ने ट्रैक्टर परेड निकालकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे परेड देवी लाल चौक से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए लघु सचिवालय पहुंची। जहां किसानों ने रोषस्वरूप पुतला फूंका। प्रदेश अध्यक्ष रतनमान ने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सरकार और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
विज्ञापन

यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने कहा कि जब तक सरकार ऐसे अधिकारी का करनाल से तबादला नहीं करती तब तक यूनियन मुख्यमंत्री के करनाल आगमन पर काले झंडे दिखाकर विरोध करेगी। इस अवसर पर मेहताब कादियान, श्याम सिंह मान, सुरेंद्र सांगवान, सुरेंद्र घुम्मन, दिलावर डबकोली और सुभाष गुज्जर मौजूद रहे। ब्यूरो
31 को होगी ललकार रैली
प्रदर्शन के दौरान भारत-अमेरिका के बीच कृषि व्यापार समझौते को रद्द करने, स्मार्ट मीटर, किसान-मजदूरों की कजमुक्ति, बिजली बिल, बीज बिल, एमएसपी पर खरीद गारंटी का कानून बनाने सहित कई मुद्दों को लेकर किसानों ने अपनी आवाज को बुलंद करते हुए मांगें रखी। भाकियू प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने विरोध प्रदर्शन के बीच कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आने वाली 31 मार्च को जींद में विशाल ललकार रैली का आयोजन किया जाएगा। इसमें राष्ट्रीय स्तर के एसकेएम के नेता पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन

सर्विस लेन नहीं बनी तो मेरठ रोड जाम करने की चेतावनी

गांव सोहाना के समीप भारतीय किसान यूनियन के तत्वाधान में चल रहे धरने को करीब एक माह होने जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने रिंग रोड पर सर्विस लेन की मांग भी उठाई। एसडीएम ने किसान नेताओं को पत्र दिखाकर कहा कि रिंग रोड पर सर्विस लेन बनाने के लिए एनएचएआई अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। प्रदेशाध्यक्ष रतनमान ने एसडीएम से कहा कि इस विषय पर पूर्व में भी लिखित में फैसला हुआ था जिसको लेकर अब एनएचएआई अधिकारी आनाकानी कर रहे हैं। जिला प्रवक्ता सुरेंद्र सांगवान ने कहा कि जब तक सर्विस लेन का निर्माण नहीं होगा तब तक रिंग रोड पर धरना बदस्तूर जारी रहेगा। किसी भी रूप में धरने को समाप्त नहीं किया जाएगा। अगर जल्द समाधान नहीं निकाला तो उत्तर प्रदेश को जाने वाले मेरठ रोड को भी जाम किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें