माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/असंध। खेतों से चोरी हुई ट्यूबवेल की तार के साथ किसान ने एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि दो युवक मौके से भाग निकले। आरोपी के कब्जे से टूटी चोरी की तार भी किसान ने बरामद की है। किसान की शिकायत पर असंध थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में फफड़ाना गांव निवासी किसान मोहित ने बताया कि वे काम के लिए खेत में आए तो उन्होंने देखा की खेत के ट्यूबवेल की करीब 50 फुट लंबी तार कटी हुई थी। उन्होंने बताया कि करीब 10 बजे एक स्कूटर सवार लड़का और दो बाइक सवार युवक उसके खेत के पास थे। उन्हें खेत में देखते ही आरोपी मौके से जाने लगे। एक लड़के जयसिंहपुरा निवासी राकेश को उन्होंने पकड़ लिया और उसके पास मौजूद कट्टे को चेक किया तो उसमें चार तार टूटी हुई मिली।
उन्होंने बताया कि उनके अलावा दुपेड़ी गांव निवासी मलकीत सिंह और उनके ताऊ रमेश के खेत से भी तार चोरी हुई थी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ब्यूरो