गांव सलारपुर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा लगाने से हुई मौत के मामले में मंगलवार को परिजनों ने कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस के बाहर हंगामा किया। साथ ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। आक्रोशित लोगों ने गिरफ्तारी होने तक शव उठाने से मना कर दिया और सड़क पर शव रखकर जाम की चेतावनी दी। हंगामे की सूचना पर पहुंचे डीएसपी ने लोगों को बताया कि पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद लोग शांत हुए।
चंदलाना गांव निवासी मृतक विवाहिता उषा के भाई हंसराज ने बताया कि उसकी बहन की शादी सलारपुर निवासी अशोक के साथ 4 फरवरी 2014 को हुई थी। आरोप है कि पति उसकी बहन को परेशान करता था। पहले उसने उसकी बहन को कहा कि अपने घर से बाइक लेकर आये। इस पर उसने अपनी बहन को 48 हजार रुपये दिये। इसके बाद आरोपी अशोक ने दोबारा उसकी बहन के साथ मारपीट की और बोला की उसे दुकान करनी है अपने घर से रुपये लेकर आये। तब भी उसने 10 हजार रुपये दिये, लेकिन आरोपी अशोक, उसकी बहन का देवर, सास और ननद उसकी बहन को दहेज के लिये परेशान करते रहे और उसके साथ मारपीट भी करते थे। 27 जुलाई को उसकी मौसी की लड़की ने ही उन्हें फोन कर सूचना दी कि उषा को फांसी देकर मार दिया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति, सास, देवर और ननद के खिलाफ मामला तो दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रहे। जब तक वह आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करेंगे वह शव को नहीं उठायेंगे। परिजनों के आक्रोश को देखते हुए डीएसपी रामदत्त मौके पर पहुंचे और उन्होंने परिजनों को समझाया कि पुलिस आरोपियों के घर के बाहर खड़ी है। आरोपी घर पर नहीं है। जल्द ही उनकी तलाश कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा। इसके बाद परिजन माने और विवाहिता का शव लेकर चले गये।
परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पति को भी गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। परिजनों को समझा दिया गया है और शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
रामदत्त, डीएसपी घरौंडा