- दो सप्ताह बाद हुआ मामला दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हांसी रोड स्थित एपैक्स सील्स फैक्टरी में काम करते समय शिव कॉलोनी निवासी मनजीत सिंह की उंगलियां कट गई थी। इस मामले में थाना शहर पुलिस ने अब मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में मनजीत ने फैक्टरी मालिकों पर आरोप लगाए हैं। पुलिस को दी शिकायत में घायल कर्मचारी ने फैक्टरी मालिक आदित्य गुलाटी, प्रवीण गुलाटी व अन्य निदेशकों पर लापरवाही और धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित मनजीत सिंह ने बताया कि वह फरवरी 2019 से उक्त फैक्टरी में पावर मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है और कई बार मशीन की खराबी की शिकायत करने के बावजूद उसे सुधारने की कोई कार्रवाई नहीं की गई। 21 मई को मशीन की डबल स्टैप मारने की समस्या के चलते उसकी दाहिने हाथ की मध्यमा पूरी और तर्जनी आधी कट गई। घटना के बाद उसे पहले हरियाणा नर्सिंग होम ले जाया गया और फिर सरकारी अस्पताल में इलाज कराया गया। पीड़ित ने कहा कि फैक्टरी मालिक ने न केवल इलाज का खर्च देने से इन्कार किया बल्कि उसे और उसके परिजनों को धमकाया और झूठे केस में फंसाने की बात कही।
-