संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना (पानीपत)। देश में आपसी सद्भावना, स्वच्छता और नशामुक्त भारत का संदेश फैलाने के उद्देश्य से इसराना के पूर्व सैनिक रामनिवास कौशिक ने रविवार को साइकिल यात्रा की शुरुआत की। यह यात्रा कश्मीर के नगरोटा से कन्याकुमारी तक करीब चार हजार किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा की शुरुआत इसराना में हुई, जहां सरपंच राजेश जागलान और कर्नल जगबीर जागलान ने हरी झंडी दिखाकर उन्हें रवाना किया। इस अवसर पर पूर्व सैनिक की बहन बीरमति ने अपने भाई को तिलक लगाकर शुभकामनाएं दीं।
65 वर्षीय पूर्व सैनिक रामनिवास कौशिक, जो तोपखाना से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान वे देश के विभिन्न राज्यों में जाकर लोगों को आपसी भाईचारा, स्वच्छता और नशे से दूर रहने का संदेश देंगे। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वे नवंबर माह में इसराना से आर्मी हेडक्वार्टर झांसी तक करीब 700 किलोमीटर की साइकिल यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर चुके हैं।
इस मौके पर सरपंच राजेश जागलान ने कहा कि देश को नशा मुक्त बनाने के लिए पूर्व सैनिक रामनिवास के इस प्रयास से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम में कर्नल जगबीर जागलान, डॉ. सतबीर सिंह सहरावत, हवलदार रघबीर सिंह, ओम प्रकाश, सूरजभान, रणबीर सिंह, जोगेंदर सिंह और विक्की मौजूद रहे।