करनाल। अब शहर के हर कोने पर तीसरी आंख का पहरा होगा। कहां क्या चल रहा है, हर समय प्रशासन की टीम निगाह रख सकेगी। इससे आपराधिक गतिविधियां रोकने में भी मदद मिलेगी। वहीं किसी शहरवासी के आपात स्थिति में होने का भी पता चल जाएगा। शहर में 111 नई लोकेशन पर अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पुलिस की ओर से सर्वे करके संवेदनशील स्थान, चौराहे और मार्गों का चिह्नित किया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर स्मार्ट सिटी के तहत नगर निगम की ओर से कैमरे लगाए जाएंगे।
शहर में सबसे ज्यादा 36 स्थान थाना शहर, 25 जगह सेक्टर-32-33 थाना और 23 जगह थाना रामनगर क्षेत्र में चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा 17 जगह थाना सिविल लाइन और और 10 जगह थाना मधुबन क्षेत्र के अधीन आती हैं। ये सभी लोकेशन करनाल नगर निगम सीमा के 20 वार्डों में पड़ती हैं। वर्तमान में स्थिति देखें तो शहर में 98 जगहों पर 429 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। ये कैमरे शहर के 29 प्रमुख चौराहे और मार्ग पर निगरानी रखते हैं।
अब पुलिस और प्रशासन की ओर से इन मार्गों पर पड़ने वाले छोटे चौराहे व बीच के लिंक मार्ग को भी सर्विलांस में लाया जा रहा है। ताकि अपराध होने की स्थिति पर अपराधी के निकलने वाले क्षेत्र को तुरंत देखते हुए पीछा किया जा सके व कुछ मामलों में लोगों द्वारा पुलिस की मदद के लिए कॉल करने पर तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। इसके अतिरिक्त आईसीसीसी (इंटाग्रेटिड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) से 24 घंटे टीम निगरानी कर सकेगी। विदित हो कि शहर को स्मार्ट बनाने के लिए करीब 158 करोड़ रुपये से आईसीसीसी प्रोजेक्ट लगाया गया है। नगर निगम के तीसरे तल पर स्थापित इस केंद्र से निगरानी होती है। नए कैमरे भी इसी केंद्र से जुड़ेंगे। नए सीसीटीवी कैमरे अत्याधुनिक तकनीक से लैस होंगे, इनमें हाई रिजॉल्यूशन क्वालिटी होगी। इसके अलावा रात में भी स्पष्ट विजुअल, चेहरा पहचानने की क्षमता होगी।
इस थाना क्षेत्र में यहां लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
- थाना शहर क्षेत्र : जुंडला गेट से इंद्रा कॉलोनी शिवपुरी रोड, बांसों गेट से लेकर मटक माजरी से होते हुए प्रजापति चौक, मंगल कॉलोनी चौक से लेकर डेहा बस्ती तक, चांद सराय की पुलिया से लेकर अंतिम गली तक, जुंडला गेट पानी की टंकी से ऋषिनगर से होते हुए ब्रह्मानंद चौक तक, गांव दाहा, मधुबन, सिरसी से मुख्य जगहों पर, ब्रह्मानंद चौक से लेकर गांव बजीदा तक, अर्जुन द्वार, प्रीतम नगर पार्क के पास, सदर बाजार पुलिस चौकी चौक, रघुनाथ मंदिर चौक, चित्रगुप्त मंदिर चौक, कर्णताल पार्क के पास रानी आहिल्याबाई चौक, पुराना रमेश नगर खेड़ा चौक, रविदास मंदिर के बाहर (तोपखाना दराबी लाइन को कवर करने के लिए), बकरा मार्केट चौक, सदर बाजार गांधी चौक, लोध राजपूत मोहल्ला, संत निक्का सिंह पब्लिक स्कूल चौक, डॉ. बीआर आंबेडकर चौक, एमसी स्कूल खेड़ा चौक, भगवाड़िया गैस एजेंसी के पास आदर्श स्कूल चौक, जनकपुरी चौक, सदर बाजार चौक, मटक माजरी बांसो गेट मंदिर के पास, शिव मंदिर चौक सराफा बाजार, जाटो गेट चौक, जुंडला गेट के अंदर मुख्य चौक, दयाल पुरा गेट चौक, सुभाष गेट, मिल्खा सिंह स्टेडियम, गिरड़ा पीर वाला चौक, आनंद विहार पुल के नीचे, शास्त्री नगर, हकीकत नगर पुल पार, लवकुश कॉलोनी के बाहर।
- थाना सिविल लाइन क्षेत्र : नजदीक सेक्टर-13 एक्सटेंशन वाटर पार्क, ओपीएस स्कूल चौक सेक्टर-13 मार्केट, वीटा बूथ सेक्टर-13, ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी मार्केट, न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी मार्केट, नजदीक सरकारी स्कूल मॉडल टाउन, आईकोनिक जिम के पास मॉडल टाउन, तेजेंद्र चौक, शिवपुरी दयानंद कॉलोनी के पास, जाट भवन सेक्टर-12 के पास, प्रणामी स्कूल के पास टी-पॉइंट पर, मॉडल टाउन बड़ी मार्केट, दयाल सिंह कॉलोनी बाहरी हिस्सा, क्लब मार्केट, मेडिकल कॉलेज के सामने अस्पताल रोड, बैंक कॉलोनी एंट्री रेलवे रोड, कुंजपुरा रोड।
- थाना रामनगर क्षेत्र : वार्ड-17, 18, 19 और 20 के इन संवेदनशील क्षेत्रों में लगेंगे कैमरे
वार्ड-17 : शिव कॉलोनी रेलवे अंडर पास रजवाहा चौक, वैष्णो देवी मंदिर चौक, शिवद्वार रजवाहा चौक नहर के पास, गली नंबर-9 बर्फ फैक्टरी के पास, विश्वकर्मा मंदिर चौक के पास।
वार्ड-18 : शांति नगर गली नंबर-1 मंदिर के पास, पाला डायरी के सामने, सरकारी स्कूल पास दो जगह, मान कॉलोनी मार्केट, ज्योति नगर गली नंबर -2 मंदिर के पास, न्यू प्रेम कॉलोनी पंजाब किरयाणा, प्रेमनगर पुल के पास।
वार्ड-19 : काछवा रोड रेलवे ब्रिज रामनगर टी-प्वाइंट, स्वामी दयानंद द्वार, रेलवे फुटओवर ब्रिज, कैथल रोड रेलवे पुल के नीचे, आर्य समाज मंदिर चौक, सनातन धर्म मंदिर व सब्जी मंडी चौक रामनगर
- थाना सेक्टर-32-33 : एयरपोर्ट चौक, दनियालपुर चौक, कृष्णा कॉलोनी गली नंबर-3 के सामने, स्टेडियम शक्ति पुरम पार्ट-2, छठपूजा घाट पार्क, गांव फूसगढ़ में टिकड़ा कॉलोनी, निर्मल विहार मेन एंट्री, कर्ण विहार मेन एंट्री, पृथ्वी विहार मेन एंट्री और पीर वाली गली, एमसी कॉलोनी, सूरज नगर जोहड़ के पास, विहास कॉलोनी, प्रताप पब्लिक स्कूल, शिव मंदिर रोड, मेरठ रोड चौक से पुराना शहर की ओर, सेक्टर-14 रोड राजकीय कॉलेज व होंडा शोरूम के पास, सेक्टर-7 मार्केट, अटल पार्क का पिछला गेट, सेक्टर-7 आईजी कार्यालय के पास, गीता चौक सेक्टर-9, सामुदायिक केंद्र सेक्टर-9, वीटा सेक्ट एवं मार्केट चौक।
– थाना मधुबन क्षेत्र : वार्ड-5 में गांव कंबोपुरा के सरकारी स्कूल के पास, जीटी रोड पानी की टंकी व कांबोज सप्लायर की दुकान के पास, मधुबन पीटीसी गेट पुल के नीचे, वार्ड-6 में गांव दाहा जीटी रोड से मोड़ पर, ब्रह्मानंद चौक से लेकर गांव बजीदा तक, वार्ड-1 में उचानी, बलड़ी, बसंत विहार और कैलाश गांव के प्रवेश द्वार पर
वर्जन
- पुलिस की ओर से जो लोकेशन दी गई हैं, यहां पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। नगर निगम की सदन की बैठक में भी इस पर चर्चा हुई थी। - वैशाली शर्मा, आयुक्त नगर निगम
वर्जन
- शहर में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए 111 नई लोकेशन तय की गई हैं। लोगों को सुरक्षा का एहसास होगा और निगरानी भी बढ़ेगी। आपराधिक मामलों में पुलिस जांच में भी मदद मिलेगी। - नरेंद्र बिजारानिया, एसपी करनाल