माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। थाना सेक्टर-13-17 में युवक की हत्या कर शव को एक बंद फैक्टरी में फेंकने के मामले में पुलिस 15 दिन बाद भी सुराग नहीं तलाश पाई। अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हुई है। जिस कारण पुलिस की तफ्तीश भी शुरू नहीं हुई। पुलिस ने आस-पास के जिलों में भी मृतक की शिनाख्त कराने का दावा किया है।
थाना सेक्टर-13-17 में 27 सितंबर की सुबह बंद फैक्टरी में एक युवक का शव मिला था। युवक की सिर में चोट मारकर हत्या की गई थी और शव की पहचान छुपाने के लिए उसके चेहरे को जला दिया गया था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी। शव की शिनाख्त करने के प्रयास किए गए। इसके लिए पुलिस ने आस-पास के थानों और जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया। गुमशुदा व्यक्तियों की डिटेल भी खंगाली गई। घटना स्थल के आस-पास की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। लेकिन, अभी तक मृतक की शिनाख्त करने में पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। जिस कारण 15 दिन बाद भी हत्या की यह वारदात पुलिस के लिए पहेली बनी हुई है।
थाना सेक्टर-13-17 प्रभारी किरण ने बताया कि मृतक की शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अभी तक शिनाख्त नहीं हुई। शिनाख्त होने के बाद ही हत्याकांड का खुलासा हो सकेगा।